छत्तीसगढ़ के जांजगीर में तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत

Ads

छत्तीसगढ़ के जांजगीर में तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 01:07 PM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 01:07 PM IST

जांजगीर, 22 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ के जांजगीर—चांपा जिले में तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के अकलतरा क्षेत्र के अंतर्गत अर्जुनी गांव में बृहस्पतिवार दोपहर तालाब में डूबने से दो सगी बहनों मुस्कान रात्रे (नौ साल) और श्रुति रात्रे (आठ साल) की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर लगभग साढ़े बारह बजे अर्जुनी गांव के निवासी अशोक रात्रे की दोनों बच्चियां अपनी दादी के साथ गांव के एक तालाब में नहाने गई थीं। उनकी दादी तालाब किनारे बैठकर कपड़े धो रही थीं, जबकि दोनों बच्चियां तालाब के किनारे खेल रही थीं।

अधिकारियों ने बताया कि खेलते-खेलते दोनों बच्चियां तालाब के गहरे हिस्से की ओर चली गईं और डूब गईं।

उन्होंने बताया कि कुछ देर तक जब बच्चियां दिखाई नहीं दीं तब उनकी दादी ने तलाश शुरू की। बच्चियों का कहीं पता नहीं चलने पर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीणों और परिजनों ने बच्चियों की खोजबीन शुरू की और कुछ देर बाद दोनों को तालाब से बाहर निकाला गया। तब तक दोनों की हालत गंभीर हो गई थी।

उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की मदद से बच्चियों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल अकलतरा में अस्पताल पहुंचा और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तथा मामले की जांच की जा रही है।

भाषा सं संजीव मनीषा

मनीषा