कर्नाटक के दावणगेरे में केएसआरटीसी की बस पलटी: एक छात्र की मौत, 45 अन्य घायल

कर्नाटक के दावणगेरे में केएसआरटीसी की बस पलटी: एक छात्र की मौत, 45 अन्य घायल

कर्नाटक के दावणगेरे में केएसआरटीसी की बस पलटी: एक छात्र की मौत, 45 अन्य घायल
Modified Date: May 8, 2026 / 03:57 pm IST
Published Date: May 8, 2026 3:57 pm IST

दावणगेरे (कर्नाटक), आठ मई (भाषा) कर्नाटक के दावणगेरे जिले में शुक्रवार को केएसआरटीसी की एक बस कथित तौर पर चालक द्वारा नियंत्रण खो देने के बाद पलट गई, जिसमें एक कॉलेज छात्र की मौत हो गई जबकि 45 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक छात्र की पहचान होन्नाली तालुक के कुंदरू गांव निवासी दर्शन (23) के तौर पर की गई है और वह बीकॉम की पढ़ाई कर रहा था। दर्शन कॉलेज जाने के लिए बस में सवार हुआ था, लेकिन हादसे का शिकार हो गया।

पुलिस ने बताया कि ज्यादातर लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं और उनका इलाज दावणगेरे के एक अस्पताल में किया जा रहा है। उसने बताया कि गंभीर रूप से घायल छह अन्य लोगों को मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक बस दावणगेरे से होन्नाली जा रही थी और हादसा जिले के चन्नागिरी तालुक के मराबनाहल्ली के पास हुआ।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना संभवतः बस के पिछले एक्सल के टूटने के बाद हुई, जिससे चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई।

अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद, स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और इस मार्ग पर कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की बसों की कमी पर आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि बाद में स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया।

दावणगेरे के पुलिस अधीक्षक शेखर एच टेक्कन्नवर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘इस दुर्घटना में एक कॉलेज छात्र की मौत हो गई, जबकि लगभग 45 यात्री घायल हो गए। इनमें से अधिकांश को मामूली चोटें आई हैं, जिनमें बस चालक भी शामिल है। गंभीर रूप से घायल छह लोगों को मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’

उन्होंने बताया कि बस चालक के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया गया है और प्रकरण की जांच की जा रही है।

भाषा धीरज मनीषा वैभव

वैभव


लेखक के बारे में