रेंज रोवर विवाद पर केरलम के मंत्री शाजी की सफाई, कहा- जरूरी अनुमति लेकर दोस्त की गाड़ी इस्तेमाल की

रेंज रोवर विवाद पर केरलम के मंत्री शाजी की सफाई, कहा- जरूरी अनुमति लेकर दोस्त की गाड़ी इस्तेमाल की

रेंज रोवर विवाद पर केरलम के मंत्री शाजी की सफाई, कहा- जरूरी अनुमति लेकर दोस्त की गाड़ी इस्तेमाल की
Modified Date: September 20, 2026 / 10:16 am IST
Published Date: September 20, 2026 10:16 am IST

मलप्पुरम (केरलम), 20 सितंबर (भाषा) केरलम के मंत्री के एम शाजी द्वारा अपनी आधिकारिक गाड़ी के रूप में महंगी ‘रेंज रोवर’ एसयूवी के इस्तेमाल को लेकर राजनीतिक विवाद के बीच उन्होंने सफाई दी कि वह जरुरी अनुमति लेकर कई वर्षों से अपने दोस्त की गाड़ी का इस्तेमाल कर रहे हैं।

इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के कद्दावर नेता और स्थानीय स्वशासन विभाग (एलएसजीडी) का प्रभार संभाल रहे शाजी ने कहा कि वह अपने दोस्त की ‘रेंज रोवर’ से यात्रा के लिए सरकार से एक रुपये का भी दावा नहीं करेंगे।

उन्होंने कहा कि लंबी दूरी की यात्रा के लिए सरकार की ओर से उपलब्ध कराया गया वाहन उपयुक्त नहीं होने के कारण उन्हें दोस्त की गाड़ी का इस्तेमाल करना पड़ा।

हालांकि, वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने इसकी आलोचना करते हुए इसे ‘‘पद की शपथ का उल्लंघन’’ बताया है।

शाजी ने सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर कहा कि उन्होंने मंत्री बनने के बाद रेंज रोवर का इस्तेमाल करना शुरू नहीं किया, बल्कि कई वर्षों से कभी-कभार इसका इस्तेमाल करते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में जब उनके पास कोई आधिकारिक पद नहीं था, तब भी वह इस वाहन का इस्तेमाल करते थे।

उन्होंने कहा कि उनके कई अच्छे मित्र हैं और उनमें से कई के पास महंगी गाड़ियां हैं।

उन्होंने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने के बाद किसी के वाहन का इस्तेमाल करने में उन्हें कुछ भी गलत नहीं लगता।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर इस मामले में कोई कानूनी समस्या है तो हर किसी को उसे सामने रखने का अधिकार है।’’

शाजी ने कहा कि उन्होंने जरूरी अनुमति लेने के बाद इस वाहन का इस्तेमाल किया था और वह नियमित रूप से इसका इस्तेमाल नहीं करते थे।

उन्होंने मीडिया और जनता से यह भी जांच करने को कहा कि जो मित्र उन्हें भोजन, आवास या वाहन उपलब्ध कराते हैं क्या उन्हें उनके साथ संबंधों के कारण सरकार से कोई अनुचित लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर आपको ऐसा कुछ मिलता है तो बिना किसी हिचकिचाहट के मुझे और जनता को बताएं।’’

उन्होंने कहा कि यदि मित्रता के कारण उन्होंने कुछ गलत किया है तो उनके खिलाफ बिना किसी रियायत के बात सामने लाई जानी चाहिए।

शाजी ने माकपा के साइबर कार्यकर्ताओं, पूर्व मंत्रियों और अपने राजनीतिक आलोचकों पर भी निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि वह कभी उनसे नहीं डरे और भविष्य में भी डरने वाले नहीं हैं।

अपने वाहनों को रोकने की धमकी देने वालों के जवाब में शाजी ने कहा कि वह जिस भी वाहन में यात्रा करेंगे उसका इस्तेमाल तब तक जारी रहेगा जब तक उसे सड़क पर चलाने की कानूनी अनुमति है।

शाजी ने यह भी कहा कि वह सोमवार सुबह 11:30 बजे एक महत्वपूर्ण घोषणा करेंगे।

रेंज रोवर उनके दोस्त याकूब की है जो कन्नूर जिले के थिल्लंकेरी के रहने वाले हैं और सऊदी अरब में काम करते हैं।

विवाद के बाद मंत्री ने यह गाड़ी वापस कर दी। शनिवार को यह गाड़ी याकूब के घर के परिसर में खड़ी देखी गई और इस गाड़ी में मंत्री को आवंटित आधिकारिक नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी।

खबरों के अनुसार शाजी ने विदेश यात्रा पर जाने से पहले गाड़ी लौटा दी थी। विदेश से लौटने के बाद वह इसी वाहन का इस्तेमाल करेंगे या नहीं इस पर उन्होंने अभी कोई फैसला नहीं किया है।

भाषा राखी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में