बीकानेर में ड्रोन से भेजी गई 10 किलो हेरोइन और विदेशी हथियारों की खेप जब्त

बीकानेर में ड्रोन से भेजी गई 10 किलो हेरोइन और विदेशी हथियारों की खेप जब्त

बीकानेर में ड्रोन से भेजी गई 10 किलो हेरोइन और विदेशी हथियारों की खेप जब्त
Modified Date: August 2, 2026 / 09:05 pm IST
Published Date: August 2, 2026 9:05 pm IST

जयपुर, दो अगस्त (भाषा) राजस्थान के बीकानेर जिले में पुलिस ने भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से कथित तौर पर ड्रोन के जरिए भेजी गई 10 किलोग्राम हेरोइन, 11 विदेशी हथियार और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने शनिवार देर रात खेप लेने पहुंचे एक संदिग्ध व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है।

जिला विशेष टीम (डीएसटी) और खाजूवाला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ओम प्रकाश और पुलिस अधीक्षक (एसपी) मृदुल कच्छावा के निर्देशन में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे आठ केवाईडी क्षेत्र में ‘ऑपरेशन शॉक वेव’ चलाकर यह कार्रवाई की।

आईजी ओम प्रकाश ने संवाददाता सम्मेलन में बताया, ‘‘कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 10 किलोग्राम हेरोइन, 11 विदेशी हथियार, 22 मैगजीन और 100 कारतूस बरामद किए हैं। जब्त की गई इस खेप की अनुमानित कीमत करोड़ों रुपये है।’’

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से संकेत मिले हैं कि बरामद हेरोइन का संबंध अफगानिस्तान से है और इसे अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से गिराया गया था।

आईजी ने कहा कि पुलिस ने वीरेंद्र सिंह नामक एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जो कथित तौर पर खेप लेने के लिए मौके पर पहुंचा था। इस कार्रवाई में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार यह खेप पंजाब ले जाई जा रही थी, लेकिन समय रहते पुलिस ने तस्करी की इस साजिश को विफल कर दिया।

पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने कहा कि इस अभियान की सफलता सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय का परिणाम है।

उन्होंने कहा, ‘‘’ऑपरेशन शॉक वेव’ के तहत पूरी सतर्कता और सटीक योजना के साथ यह कार्रवाई की गई। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बी.एल. मीणा को सौंपी गई है।’’

अधिकारियों के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस से पहले मादक पदार्थों और हथियारों की सीमा पार तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में यह एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।

भाषा

बाकोलिया रवि कांत


लेखक के बारे में