केरल में शिगेला के 10 और मामले सामने आए हैं, कुल संक्रमितों की संख्या 120 हुई

केरल में शिगेला के 10 और मामले सामने आए हैं, कुल संक्रमितों की संख्या 120 हुई

केरल में शिगेला के 10 और मामले सामने आए हैं, कुल संक्रमितों की संख्या 120 हुई
Modified Date: June 19, 2026 / 09:11 pm IST
Published Date: June 19, 2026 9:11 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 19 जून (भाषा) केरल में शुक्रवार को शिगेला से संक्रमण के 10 नए मामले आने के साथ ही राज्य में जून में संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 120 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।

स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने बयान में बताया कि शिगेला के नए मामलों में से तीन कोझिकोड से, दो-दो मामले तिरुवनंतपुरम, त्रिशूर और मलाप्पुरम से और एक मामला पलक्कड़ से सामने आया।

शिगेला एक बहुत तेजी से फैलने वाला बैक्टीरिया संक्रमण है जो दूषित भोजन, पानी या साफ-सफाई की कमी से फैलता है और आम तौर पर इससे दस्त, बुखार और पेट में ऐंठन होती है।

अधिकारियों ने बताया कि हाल के मामलों के साथ, इस साल राज्य में शिगेला संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 196 हो गई है जिनमें से अकेले 120 मामले जून में आए हैं।

उन्होंने बताया कि इस महीने शिगेला के संक्रमण की वजह से पांच मरीजों की मौत हो गई।

मंत्री ने बताया कि निपाह संक्रमित के संपर्क में आने की वजह से जिन तीन लोगों को कोझिकोड चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में निगरानी के लिए भर्ती किया गया था, उन्हें शुक्रवार को छुट्टी दे दी गई। अब अस्पताल की निगरानी में कोई भी संदिग्ध संक्रमित नहीं है।

अधिकारियों ने बताया कि निपाह से संक्रमित एक मरीज को कोझिकोड चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।

निपाह एक वायरस जनित बीमारी है, जो जानवरों से इंसानों में फैलती है और संक्रमित लोगों के करीबी संपर्क से भी फैल सकती है।

भाषा धीरज पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में