मेदिनीनगर, नौ जुलाई (भाषा) झारखंड के पलामू ज़िले में बृहस्पतिवार को जमीन अधिग्रहण के मुआवज़े को लेकर ग्रामीणों की सरकारी कर्मचारियों और सुरक्षा बलों के साथ झड़प में दो पुलिसकर्मियों समेत कम से कम 10 लोग घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना सदर थानाक्षेत्र के चियांकी में एक वन चौकी के पास तब हुई जब स्थानीय प्रशासन और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम पलामू को बिहार के औरंगाबाद से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 39 के विस्तार का काम शुरू करवाने के लिए वहां पहुंचीं।
अधिकारी के अनुसार ग्रामीणों ने टीम को रोक दिया और कहा कि जब तक उन्हें उपयुक्त मुआवजा नहीं मिल जाता, तब तक वे अपने घर तोड़ने नहीं देंगे।
एक ग्रामीण ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए जमीन तो ले ली गई, लेकिन ‘‘जमीन के बदले मुआवजा अब भी बाकी है।’’
अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर पुलिस और सरकारी गाड़ियों पर पत्थर फेंके, जिससे एक महिला आरक्षी समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पलामू के उपायुक्त दिलीप सिंह शेखावत ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ग्रामीणों के पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल हो गये। उन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।’’
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस घटना में करीब आठ ग्रामीण घायल हो गये।
घायल पुलिसकर्मियों की पहचान राजमोहन सिंह एवं प्रिया कुमारी के रूप में हुई है।
उपायुक्त ने कहा कि पथराव में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘मुआवज़े की बात करें तो प्रशासन इस मामले की जांच करेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग हर हाल में बनाया जाएगा।’’
उन्होंने बताया कि पलामू सदर के उपसंभागीय मजिस्ट्रेट ने बृहस्पतिवार और शुक्रवार के लिए निर्माण स्थल की तय सीमा के भीतर निषेधाज्ञा लगायी थी, लेकिन ग्रामीण आदेश का उल्लंघन करते हुए वहां इकट्ठा हो गये।
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश