दिल्ली में बनेंगे 1000 स्मार्ट सार्वजनिक शौचालय, सफाई के साथ कियोस्क सुविधा भी
दिल्ली में बनेंगे 1000 स्मार्ट सार्वजनिक शौचालय, सफाई के साथ कियोस्क सुविधा भी
(श्रुति भारद्वाज)
नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से लैस सार्वजनिक शौचालय देखने को मिलेंगे, जहां स्वच्छता के साथ-साथ रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं की बिक्री करने वाले कियोस्क भी होंगे। यह ऐसा मॉडल होगा जिसमें शौचालय सिर्फ बने ही नहीं, बल्कि उनकी सफाई और देखभाल का खर्च भी खुद निकलता रहे।
एक सूत्र ने बताया कि दिल्ली सरकार अगले एक वर्ष में शहरभर में ऐसे करीब 1,000 सार्वजनिक शौचालय स्थापित करने की योजना बना रही है। खासतौर पर भीड़भाड़ वाले बाजारों, व्यस्त इलाकों और तंग क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी।
सूत्र ने बताया, ‘‘इसका उद्देश्य पुराने खुले या बदहाल शौचालयों की जगह बेहतर डिजाइन वाले, सुविधाजनक और उपयोगी आधुनिक शौचालय उपलब्ध कराना है।’’
इस परियोजना को दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम द्वारा लागू किया जाएगा।
सूत्र ने कहा कि निर्माण के साथ-साथ इन सुविधाओं के दीर्घकालिक रखरखाव को सुनिश्चित करने के लिए सुव्यवस्थित योजना तैयार की जा रही है।
इस मॉडल की सबसे खास बात यह है कि शौचालय परिसर के भीतर छोटे कियोस्क भी होंगे, जहां मूलभूत सुविधा वाली जरूरी वस्तुएं उपलब्ध रहेंगी। दिल्ली की सार्वजनिक स्वच्छता व्यवस्था में यह नया प्रयोग होगा।
सूत्र के अनुसार, ‘‘इन कियोस्क का संचालन शौचालय का देखरेखकर्ता ही करेगा, जिससे वह स्थल पर लगातार मौजूद रहेगा और शौचालय को बिना निगरानी छोड़ेगा नहीं। इससे सफाई व्यवस्था, रखरखाव और निगरानी बेहतर होगी।’’
सूत्र ने बताया कि प्रस्तावित शौचालयों में हवा की बेहतर व्यवस्था, आधुनिक डिजाइन और लकड़ी व ग्रिल के आकर्षक मिश्रण वाला ढांचा होगा, जो इन्हें आकर्षक रूप देगा। इनका निर्माण ऐसा होगा कि वे टिकाऊ होने के साथ शहर के आधुनिक परिवेश के अनुरूप भी दिखें।
उन्होंने बताया कि चांदनी चौक, सरोजिनी नगर मार्केट जैसे व्यस्त बाजारों सहित दिल्ली के कई हिस्सों में इन्हें विकसित किया जाएगा, जहां स्वच्छता सुविधाओं पर अक्सर दबाव रहता है।
सूत्र ने कहा कि इन इलाकों में मौजूद खुले या जर्जर शौचालयों को हटाकर उनकी जगह नए उन्नत शौचालय बनाए जाएंगे।
परियोजना के तहत नियमित सफाई और रखरखाव की स्पष्ट व्यवस्था भी लागू की जाएगी, ताकि स्वच्छता का स्तर लगातार बना रहे। पूरी परियोजना को एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
वित्त वर्ष 2026-27 के लिए दिल्ली में आधारभूत ढांचा और अन्य सौंदर्यीकरण परियोजनाओं सहित इस योजना हेतु 300 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
भाषा गोला पवनेश
पवनेश

Facebook


