तमिलनाडु में 1.18 करोड़ युवा मतदाता: निर्वाचन आयोग
तमिलनाडु में 1.18 करोड़ युवा मतदाता: निर्वाचन आयोग
चेन्नई, 28 फरवरी (भाषा) निर्वाचन आयोग ने कहा है कि तमिलनाडु में लगभग 1.18 करोड़ युवा मतदाता हैं और युवाओं का नामांकन करने के लिए 3,060 सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारियों की तैनाती की गई है।
चुनाव निकाय ने आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए 26 और 27 फरवरी को तैयारियों की व्यापक समीक्षा करने के बाद मीडिया के साथ साझा की गई एक रिपोर्ट में यह बात कही।
इसने सभी 234 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कई उपायों की घोषणा की, जिनमें 188 सामान्य, 44 अनुसूचित जाति और दो अनुसूचित जनजाति सीट शामिल हैं।
गत 23 फरवरी को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के आंकड़ों से युवाओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि का पता चलता है। इसमें 18-19 आयु वर्ग के 12,51,742 पंजीकृत प्रथम-मतदाता और 20-29 आयु वर्ग के 1,05,31,653 मतदाता शामिल हैं।
निर्वाचन आयोग ने रिपोर्ट में कहा कि इन 1.18 करोड़ युवा नागरिकों को एकीकृत करने के लिए चुनाव निकाय ने 3,060 समर्पित सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारियों को लक्षित अभियान चलाने के लिए तैनात किया था, विशेष रूप से कॉलेजों में।
अक्टूबर 2025 में शुरू हुए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद, कुल मतदाताओं की संख्या 5,67,07,380 सत्यापित की गई। मतदाता सूची में 2,89,60,838 महिला मतदाता हैं, जिनकी संख्या 2,77,38,925 पुरुष मतदाताओं से अधिक है। इसके साथ ही 7,617 तृतीय-लिंगी और 67,056 सेवा मतदाता भी शामिल हैं।
मतदाताओं की सुविधा के लिए 75,032 मतदान केंद्र (44,065 ग्रामीण और 30,967 शहरी) बनाने की योजना है। प्रत्येक केंद्र पर औसतन 756 मतदाता मतदान कर सकेंगे, भीड़भाड़ से बचने के लिए अधिकतम 1,200 मतदाताओं की सीमा तय की गई है। पहली बार, निर्वाचन आयोग ने सभी केंद्रों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग अनिवार्य कर दी है।
अधिकारियों के अनुसार, 4,63,398 दिव्यांग व्यक्तियों और 85 वर्ष से अधिक आयु के 3,99,668 वरिष्ठ नागरिकों के लिए समावेशिता के उपाय निर्धारित किए गए हैं, जिनमें घर पर मतदान का विकल्प और सुलभ मतदान स्थल शामिल हैं।
मतदाता सूची में 2,530 शतायु व्यक्ति भी शामिल हैं। विशेष मतदान केंद्रों में 258 महिला-प्रबंधित, 47 दिव्यांगजन-प्रबंधित और 265 मॉडल मतदान केंद्र शामिल हैं।
तकनीकी सहभागिता को ईसीआईएनईटी मंच द्वारा संचालित किया जाएगा, जो तमिल सहित 23 भाषाओं में ई-वोटर कार्ड, उम्मीदवार विवरण और नियम उल्लंघन की सूचना देने संबंधी सुविधा प्रदान करेगा।
भाषा
नेत्रपाल माधव
माधव

Facebook


