जम्मू, 30 जुलाई (भाषा) ‘‘बम बम बोले’’ के जयकारों के बीच 1,400 से अधिक तीर्थयात्री जम्मू के आधार शिविर से दक्षिण कश्मीर स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए मंगलवार को रवाना हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और पुलिस के कर्मी तीर्थयात्रियों को सुरक्षा मुहैया कर रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि तड़के तीन बजकर 25 मिनट पर 52 वाहनों में 1,477 तीर्थयात्रियों का 33वां जत्था भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ।
उन्होंने बताया कि इनमें से 1,100 तीर्थयात्री अनंतनाग जिले में पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे मार्ग से होते हुए वार्षिक तीर्थयात्रा के लिए पहलगाम पहुंचेंगे, जबकि 377 ने गांदरबल जिले में छोटे यानी 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग को चुना है।
अब तक 4.65 लाख से अधिक तीर्थयात्री बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। पिछले साल 4.5 लाख तीर्थयात्रियों ने गुफा मंदिर में बर्फ से निर्मित शिवलिंग के दर्शन किए थे।
यह यात्रा 29 जून को शुरू हुई थी और 19 अगस्त को समाप्त होगी।
भाषा सिम्मी सुभाष
सुभाष