ओडिशा से जयपुर लाया जा रहा 150 किलो गांजा जब्त, चार तस्कर गिरफ्तार

ओडिशा से जयपुर लाया जा रहा 150 किलो गांजा जब्त, चार तस्कर गिरफ्तार

ओडिशा से जयपुर लाया जा रहा 150 किलो गांजा जब्त, चार तस्कर गिरफ्तार
Modified Date: July 2, 2026 / 09:22 pm IST
Published Date: July 2, 2026 9:22 pm IST

जयपुर, दो जुलाई (भाषा) मादक पदार्थ-रोधी कार्य बल (एएनटीएफ) और स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) की जयपुर इकाई ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ओडिशा से जयपुर लाया जा रहा करीब 149.862 किलोग्राम गांजा पकड़कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि बरामद गांजा की कीमत 75 लाख रुपये आंकी गई है।

एएनटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कालूलाल (48), रेणु (25), नरेश (32) और लोकेश (23) के रूप में हुई है, जो बारां जिले के रहने वाले हैं।

कुमार ने कहा, “ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के रास्ते राजस्थान में गांजा की तस्करी में शामिल इस गिरोह पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी। सूचना मिलने पर ओडिशा से निकले संदिग्धों का लगातार पीछा किया गया। आरोपी पहले ट्रेन से झांसी पहुंचे और वहां से एक पिकअप वाहन किराये पर लेकर राजस्थान की ओर रवाना हुए।”

उन्होंने बताया कि बारां जिले के मुंडियार टोल प्लाजा के पास पिकअप वाहन को रोका गया और तलाशी लेने पर सामान के बीच छिपाकर रखे गए गांजे के 50 पैकेट बरामद हुए।

कुमार ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ओडिशा और छत्तीसगढ़ में खिलौने बेचने का काम करते थे और इसी दौरान वे वहां से करीब 2,000 रुपये प्रति किलो की दर से गांजा खरीदकर राजस्थान में ऊंचे दामों पर बेचते थे।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और गिरोह में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

भाषा

बाकोलिया पारुल

पारुल


लेखक के बारे में