ऑनलाइन गेमिंग और फर्जी निवेश वेबसाइट को बढ़ावा देने वाली 184 प्रोफाइल हटाई गईं

ऑनलाइन गेमिंग और फर्जी निवेश वेबसाइट को बढ़ावा देने वाली 184 प्रोफाइल हटाई गईं

ऑनलाइन गेमिंग और फर्जी निवेश वेबसाइट को बढ़ावा देने वाली 184 प्रोफाइल हटाई गईं
Modified Date: May 2, 2026 / 06:10 pm IST
Published Date: May 2, 2026 6:10 pm IST

हैदराबाद, दो मई (भाषा) सोशल मीडिया मंच पर ऑनलाइन गेमिंग, सट्टेबाजी एप्लिकेशन और फर्जी निवेश वेबसाइट को बढ़ावा देने वाले 801 विज्ञापनों को पैसे लेकर प्रसारित करने के आरोप में 184 प्रोफाइल को पिछले महीने निष्क्रिय कर दिया गया है। हैदराबाद पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक इन विज्ञापनों को रणनीतिक रूप से आसानी से पैसे कमाने, बोनस प्राप्त करने, किसी और की अनुशंसा करने पर कमीशन प्राप्त करने और निवेश पर अधिक मुनाफे का प्रलोभन देकर उपयोगकर्ताओं को आकर्षित करने के लिए डिजाइन किया गया था।

इसमें कहा गया है कि साइबर अपराध इकाई ने निरंतर डिजिटल निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर 184 सोशल मीडिया प्रोफाइल की पहचान की।

विज्ञप्ति के मुताबिक ये प्रोफाइल व्यवस्थित रूप से प्रचार सामग्री, रेफरल लिंक, आईपीएल भविष्यवाणियां और प्रसिद्ध हस्तियों के डीपफेक वीडियो साझा कर लोगों को गैरकानूनी सट्टेबाजी और फर्जी निवेश योजनाओं में शामिल होने के लिए प्रलोभन दे रहे थे।

पुलिस ने बताया कि सभी 184 प्रोफाइल की सूचना संबंधित मंचों को दे दी गई है और इस तरह की गैरकानूनी और भ्रामक सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए उन्हें हटा दिया गया है।

इसके अलावा, पहचानी गई अनियमितताओं के आधार पर अप्रैल में प्रवर्तकों के खिलाफ छह प्राथमिकी दर्ज की गईं।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि चल रहे साइब निगरानी अभियानों के तहत, भारत में उपयोगकर्ताओं को लक्षित करके ऑनलाइन गेमिंग, अवैध सट्टेबाजी और फर्जी निवेश वेबसाइटों को बढ़ावा देने वाले कुल 427 सोशल मीडिया प्रोफाइल और 1903 विज्ञापनों की पहचान की गई है और उन्हें हटा दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि इन प्रोफाइल और विज्ञापनों से जुड़े लोगों की पहचान करने के लिए जांच की जा रही है।

विज्ञप्ति के मुताबिक सुसंगत धाराओं के तहत आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

भाषा

शुभम धीरज

धीरज


लेखक के बारे में