दिल्ली के रोहिणी में ‘ऑपरेशन शस्त्र’ के दौरान 20 लोग गिरफ्तार, हथियार जब्त

दिल्ली के रोहिणी में 'ऑपरेशन शस्त्र' के दौरान 20 लोग गिरफ्तार, हथियार जब्त

दिल्ली के रोहिणी में ‘ऑपरेशन शस्त्र’ के दौरान 20 लोग गिरफ्तार, हथियार जब्त
Modified Date: June 19, 2026 / 09:18 pm IST
Published Date: June 19, 2026 9:18 pm IST

नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने रोहिणी जिले में संगठित अपराध और सड़क पर होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए गए दो दिवसीय विशेष अभियान के दौरान तीन कुख्यात अपराधियों और गोगी गिरोह के एक कथित सहयोगी समेत 20 लोगों को गिरफ्तार करके अवैध हथियार और चाकू बरामद किए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

‘ऑपरेशन शस्त्र’ नामक यह अभियान 17 और 18 जून को रोहिणी जिले में चलाया गया। यह अभियान आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ समन्वित कार्रवाई का हिस्सा था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान शस्त्र अधिनियम के तहत 20 मामले दर्ज किए गए। इस दौरान एक पिस्तौल, 10 तमंचा, 12 कारतूस और नौ चाकू बरामद किए गए।

उन्होंने कहा कि अभियान के तहत पुलिस टीम ने गश्त बढ़ाई, संवेदनशील स्थानों पर विशेष नाकाबंदी की, व्यापक स्तर पर वाहनों की जांच की तथा कुख्यात अपराधियों, घोषित अपराधियों और जमानत पर बाहर चल रहे अपराधियों के घरों की तलाशी ली।

पुलिस ने बताया कि लगातार निगरानी और सत्यापन के लिए जिले में 15 पुलिस टीम को तैनात किया गया था।

अभियान के दौरान करीब 40 से 50 कुख्यात अपराधियों और बदमाशों की जांच की गई तथा उनके संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी ली गई।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच में पता चला कि 13 आरोपी सामूहिक रूप से 88 पुराने आपराधिक मामलों में लिप्त रहे हैं, जबकि छह आरोपियों का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला।

गिरफ्तार लोगों में मंगोलपुरी का रहने वाला काली चरण उर्फ कालू (28) भी शामिल है।

एक अन्य आरोपी रोहित उर्फ नरेश उर्फ लुल्लू (32) को बेगमपुर थाना की पुलिस ने गिरफ्तार करके उसके पास से एक तमंचा बरामद किया। उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम और चोरी से जुड़े कई मामलों सहित 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने इंद्रजीत उर्फ गोलू (26) को गिरफ्तार करके उसके पास से एक तमंचा और एक कारतूस बरामद किया। पुलिस के अनुसार, वह एक नाबालिग के अपहरण और यौन उत्पीड़न की वारदात को लेकर यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम से जुड़े मामले में वांछित था।

एक अन्य मामले में पुलिस ने सुल्तानपुरी से पवन (26) को गिरफ्तार किया और उसके पास से एक तमंचा तथा एक कारतूस बरामद किया।

भाषा

शुभम संतोष

संतोष


लेखक के बारे में