सीएक्यूएम निरीक्षण में नोएडा में सड़कों पर धूल के 28 मामले सामने आए
सीएक्यूएम निरीक्षण में नोएडा में सड़कों पर धूल के 28 मामले सामने आए
नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) द्वारा नोएडा में किए गए निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर सड़कों पर धूल और निर्माण एवं तोड़फोड़ मलबा जमा होने के 28 मामले दिखे। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
इससे पता चला कि कुछ क्षेत्रों में नियमित सफाई कार्य, धूल नियंत्रण उपायों और निर्माण एवं तोड़फोड़ मलबा के वैज्ञानिक प्रबंधन और निपटान में खामियां थीं।
एक अधिकारी ने बताया, ‘‘आयोग ने संबंधित अधिकारियों को नियमित मशीनीकृत सफाई, लक्षित जल छिड़काव और एकत्रित निर्माण और तोड़फोड़ मलबे को समय पर उठाकर निपटान करने के माध्यम से धूल नियंत्रण उपायों को तेज करने का निर्देश दिया है।’
शुक्रवार को सीएक्यूएम की 19 हवाई दस्ता दलों द्वारा निरीक्षण किया गया, जिसमें नोएडा में सड़कों पर धूल के स्तर, सड़क सफाई और झाड़ू लगाने के कार्यों की समीक्षा पर ध्यान केंद्रित किया गया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘शहरी क्षेत्रों में धूल कण प्रदूषण का एक प्रमुख कारण बना हुआ है और इसके लिए निरंतर और लक्षित निवारण प्रयासों की आवश्यकता है।’
आकलन के बाद, सीएक्यूएम ने निरंतर जमीनी स्तर की निगरानी, बेहतर रखरखाव प्रक्रियाओं और जवाबदेही-आधारित धूल नियंत्रण उपायों के क्रियान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप

Facebook


