महाराष्ट्र के बीड में पहाड़ी इलाके में बस पलटी, 30 यात्री बाल-बाल बचे
महाराष्ट्र के बीड में पहाड़ी इलाके में बस पलटी, 30 यात्री बाल-बाल बचे
बीड, छह जून (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले में शनिवार तड़के एक पहाड़ी इलाके में तीव्र मोड़ पर एक निजी बस पलट गई और उसमें सवार तीस यात्री बाल-बाल बच गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुणे से नांदेड़ जा रही एक बस बीड से लगभग 85 किलोमीटर दूर आष्टी तहसील के कनिफनाथ घाट में तड़के चार बजे पलट गई।
दुर्घटना कथित तौर पर एक तीव्र मोड़ पर चालक के वाहन से नियंत्रण खोने से हुई।
एक अधिकारी ने बताया, ‘वाहन सड़क किनारे पलट गया, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई, जिनमें से अधिकांश उस समय सो रहे थे।’
सूचना मिलते ही अम्भोरा थाने से पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर तत्काल बचाव अभियान शुरू किया।
उन्होंने बताया कि इस घटना में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं और उन्हें अहिल्यानगर के एक सरकारी अस्पताल में ले जाया गया।
यात्रियों का उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए पुलिस ने एक वैकल्पिक निजी बस की व्यवस्था की।
बाद में क्रेन की मदद से पलटी हुई बस को सड़क किनारे से हटाया गया।
भाषा
शुभम वैभव
वैभव

Facebook


