हरियाणा के फरीदाबाद में पुलिस थाने से 32 लाइसेंसी हथियार गायब

हरियाणा के फरीदाबाद में पुलिस थाने से 32 लाइसेंसी हथियार गायब

हरियाणा के फरीदाबाद में पुलिस थाने से 32 लाइसेंसी हथियार गायब
Modified Date: June 27, 2026 / 01:27 pm IST
Published Date: June 27, 2026 1:27 pm IST

फरीदाबाद, 27 जून (भाषा) फरीदाबाद सेक्टर-आठ पुलिस थाने के मालखाने (हथियार रखने के कमरे) में रखे गए 32 लाइसेंसी हथियार चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि जांच के बाद मालखाना प्रभारी एएसआई बिजेंद्र सिंह के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने अपने लाइसेंसी हथियार सुरक्षा के लिए स्वेच्छा से पुलिस थाने में जमा कराए थे। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें वापस लिया जा सकता था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गायब हथियारों में कई विदेश निर्मित पिस्तौल भी शामिल हैं, जिनकी कीमत लगभग दो लाख से 10 लाख रुपये प्रति हथियार बताई जा रही है।

संदेह है कि ये हथियार राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बेच दिए गए हैं, हालांकि पुलिस ने इस पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

नियमित निरीक्षण के दौरान पहले केवल 13 हथियार गायब पाए गए थे, लेकिन विस्तृत जांच में यह संख्या बढ़कर 32 हो गई।

इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए, जिसमें 32 हथियार गायब होने की पुष्टि हुई।

जांच दल को वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि मामले की जानकारी बाहर न जाए। फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती इन हथियारों की बरामदगी है।

पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा, ‘‘मामले की जांच जारी है। जिसने भी इन हथियारों की चोरी में भूमिका निभाई है, उसे बख्शा नहीं जाएगा।’’

भाषा शोभना रंजन

रंजन


लेखक के बारे में