वर्ष 2025-26 में 9.79 लाख मीट्रिक टन ई-कचरा का पुनर्चक्रण किया गया: सरकार
वर्ष 2025-26 में 9.79 लाख मीट्रिक टन ई-कचरा का पुनर्चक्रण किया गया: सरकार
नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) सरकार ने सोमवार को लोकसभा को बताया कि वर्ष 2025-26 के दौरान देश में 14 लाख मीट्रिक टन से अधिक ई-कचरा उत्पन्न हुआ, जिसमें से 9.79 लाख मीट्रिक टन से अधिक का पुनर्चक्रण किया गया।
केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा साझा किये गए आंकड़ों का हवाला देते हुए सिंह ने कहा कि 2025-26 के दौरान अब तक कुल 14,14,645 मीट्रिक टन ई-कचरा उत्पन्न हुआ है, जिसमें से 9,79,080 मीट्रिक टन का पुनर्चक्रण किया जा चुका है।
वर्ष 2024-25 के दौरान 13.97 लाख मीट्रिक टन से अधिक ई-कचरा उत्पन्न हुआ और 11.59 लाख मीट्रिक टन से अधिक का पुनर्चक्रण किया गया।
इसी तरह, वर्ष 2023-24 के दौरान 12.54 लाख मीट्रिक टन से अधिक ई-कचरा उत्पन्न हुआ और 7.78 लाख मीट्रिक टन से अधिक कचरे का पुनर्चक्रण किया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘नियमों में सीपीसीबी या किसी नामित एजेंसी द्वारा सत्यापन और लेखापरीक्षा का प्रावधान है, ताकि उचित समझे जाने पर निरीक्षण और लेखापरीक्षा के माध्यम से इन नियमों के अनुपालन को सत्यापित किया जा सके तथा इन नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।’’
भाषा सुभाष सुरेश
सुरेश

Facebook


