पूर्वी दिल्ली के गाज़ीपुर में सड़क दुर्घटना में 24 वर्षीय युवक की मौत
पूर्वी दिल्ली के गाज़ीपुर में सड़क दुर्घटना में 24 वर्षीय युवक की मौत
नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) दिल्ली के गाज़ीपुर इलाके में खिचड़ीपुर फ्लाईओवर के पास एनएच-9 पर 24 वर्षीय युवक की मोटरसाइकिल को एक अज्ञात वाहन ने कथित तौर पर पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान नितिन के रूप में हुई है। वह मंगलवार रात गाजियाबाद से घर लौट रहा था तभी देर रात करीब 11.45 बजे यह दुर्घटना हुई।
उन्होंने कहा कि वह दिल्ली में अपने घर की ओर जा रहे थे जब अज्ञात वाहन ने कथित तौर पर उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
दुर्घटना के संबंध में पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को सूचना दी गई जिसके बाद गाज़ीपुर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और निजी क्षेत्र में कर्मचारी नितिन को गंभीर रूप से घायल पाया।
पुलिस ने बताया कि उसे एम्बुलेंस से लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उसके परिवार को सूचित कर दिया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और टक्कर में शामिल वाहन की पहचान करने के लिए दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस ने कहा कि एनएच-9 पर मोटरसाइकिलों की अनुमति नहीं है और प्रतिबंधित सड़क में प्रवेश करने वाले सवारों पर 20,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
पुलिस ने कहा कि प्रतिबंध के बावजूद, दोपहिया वाहन कभी-कभी इस क्षेत्र में प्रवेश कर जाते हैं, जिससे दुर्घटनाएं होती हैं।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव

Facebook


