ऋषिकेश में कारोबारी से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का भंडाफोड़, छह गिरफ्तार
ऋषिकेश में कारोबारी से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का भंडाफोड़, छह गिरफ्तार
देहरादून, 14 मई (भाषा) उत्तराखंड में ऋषिकेश के एक कारोबारी को हत्या के प्रयास और लूट के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि यह कार्रवाई ऋषिकेश के गंगानगर निवासी कारोबारी अतुल गुप्ता की तहरीर के आधार पर की गई।
तहरीर के अनुसार, आरोप है कि अनुज गोयल नामक व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ मिलकर कारोबारी और उसके परिजनों को हत्या के प्रयास तथा लूट जैसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी। इसके साथ ही आरोपियों ने पुलिस से ‘सेटिंग’ होने का दावा करते हुए कार्रवाई से बचाने के एवज में 20 से 25 लाख रुपये की मांग की। आरोपियों ने जेल भेजने का डर दिखाकर कारोबारी से दो लाख रुपये भी वसूल लिए।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर ऋषिकेश कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4), 308(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल सर्विलांस, व्हाट्सएप चैट, कॉल डिटेल्स और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। इसके बाद बुधवार को मुख्य साजिशकर्ता अनुज गोयल (52) सहित उसके दो साथियों आदित्य लोधी (24) और शुभम चौहान (29) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
इन आरोपियों के पास से रंगदारी के रूप में वसूले गए दो लाख रुपये में से 1,83,500 रुपये भी बरामद किए गए।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने तीन अन्य साथियों अंशुल (28), विवेक कुमार (25) और आदित्य कुमार (19) के नाम भी बताए, जिसके बाद पुलिस ने बुधवार रात ऋषिकेश के रेलवे रोड क्षेत्र से उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने स्वीकार किया है कि कारोबारी से वसूली के दौरान वे भी मुख्य आरोपी के साथ मौजूद थे और प्राप्त रकम में उनका हिस्सा भी शामिल था। इनके कब्जे से नौ हजार रुपये नकद और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
भाषा
दीप्ति रवि कांत

Facebook


