बेगमपेट हवाई अड्डे के नीचे भूमिगत सुरंग बनाने के तेलंगाना सरकार के प्रस्ताव पर विचार कर रहा एएआई
बेगमपेट हवाई अड्डे के नीचे भूमिगत सुरंग बनाने के तेलंगाना सरकार के प्रस्ताव पर विचार कर रहा एएआई
हैदराबाद, पांच अप्रैल (भाषा) भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) बेगमपेट हवाई अड्डे के रनवे के नीचे 600 मीटर लंबी छह-लेन की भूमिगत यातायात सुरंग बनाने के तेलंगाना सरकार के प्रस्ताव पर विचार कर रहा है। अधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
इस परियोजना का उद्देश्य शहर में यातायात जाम को कम करना है।
सूत्रों के अनुसार, इस प्रस्ताव को एएआई बोर्ड की मंजूरी आवश्यक है और आने वाले कुछ हफ्तों में मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “एएआई को प्रस्ताव मिल चुका है और इस पर विचार हो रहा है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) तथा एएआई की टीम डिजाइन की समीक्षा कर रही हैं। अगले कुछ हफ्तों में अनुमति मिलने की उम्मीद है।”
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने पिछले महीने कहा था कि हैदराबाद में यातायात जाम को कम करने के लिए देश में “पहली बार” किसी हवाई अड्डे के रनवे के नीचे भूमिगत यातायात सुरंग बनाई जा रही है।
हैदराबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एचएमडीए) के सूत्रों ने बताया कि यह सुरंग परियोजना पैराडाइज से सुचित्रा चौराहे तक 5.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर का हिस्सा है, जिसकी अनुमानित लागत 550 करोड़ रुपये है।
भाषा खारी नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


