साकेत हादसे को लेकर आप का प्रदर्शन, दक्षिणी दिल्ली के उपायुक्त के इस्तीफे की मांग

साकेत हादसे को लेकर आप का प्रदर्शन, दक्षिणी दिल्ली के उपायुक्त के इस्तीफे की मांग

साकेत हादसे को लेकर आप का प्रदर्शन, दक्षिणी दिल्ली के उपायुक्त के इस्तीफे की मांग
Modified Date: June 1, 2026 / 06:17 pm IST
Published Date: June 1, 2026 6:17 pm IST

नयी दिल्ली, एक जून (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने साकेत में इमारत ढहने की घटना को लेकर सोमवार को दक्षिणी दिल्ली के उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और वरिष्ठ अधिकारियों के इस्तीफे की मांग की।

पार्टी के कई कार्यकर्ता तख्तियां लेकर और नारेबाजी करते हुए दक्षिणी दिल्ली क्षेत्र के उपायुक्त राकेश कुमार के कार्यालय के बाहर एकत्र हुए तथा उनके इस्तीफे की मांग की।

दक्षिणी दिल्ली के चित्तरंजन पार्क क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के निगम पार्षद आशु ठाकुर ने कहा, ‘‘हम यहां जनता की चिंताओं को उठाने के लिए आए हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार के शासनकाल के दौरान पूरे शहर में अवैध निर्माण हो रहे हैं। जो इमारत ढही, उसमें कथित अवैध निर्माण को रोकने की जिम्मेदारी किसकी थी?’’

ठाकुर ने आरोप लगाया कि इमारत में कथित अनधिकृत निर्माण को लेकर शिकायतें किए जाने के बावजूद अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की।

आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के दक्षिणी क्षेत्र के पार्षदों ने जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया।

भारद्वाज ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एमसीडी दक्षिणी क्षेत्र के आम आदमी पार्टी के सभी पार्षदों ने उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया और आईएएस अधिकारी राकेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अवैध इमारत को लेकर उपायुक्त को बार-बार शिकायतें भेजी गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।’’

दक्षिणी दिल्ली में साकेत मेट्रो स्टेशन के निकट शनिवार शाम एक बहुमंजिला वाणिज्यिक इमारत ढह गई थी, जिसमें एक कोचिंग सेंटर, कैफे और कार्यालय थे। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए।

अधिकारियों ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में