आम आदमी पार्टी ने राम मंदिर भूमि सौदे में अनियमितताओं के आरोप लगाए, जांच की मांग की

आम आदमी पार्टी ने राम मंदिर भूमि सौदे में अनियमितताओं के आरोप लगाए, जांच की मांग की

आम आदमी पार्टी ने राम मंदिर भूमि सौदे में अनियमितताओं के आरोप लगाए, जांच की मांग की
Modified Date: June 19, 2026 / 09:13 pm IST
Published Date: June 19, 2026 9:13 pm IST

नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को शिकायत देकर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े जमीन के सौदों में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर हुई गड़बड़ियों के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

सिंह ने उच्चतम न्यायालय की देखरेख में तय समयसीमा के भीतर जांच की भी मांग की।

सिंह ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए, दावा किया कि राम मंदिर के निर्माण के लिए भक्तों द्वारा दान की गई राशि का इस्तेमाल करके लगभग नौ करोड़ रुपये की जमीन 55 करोड़ रुपये से अधिक में खरीदी गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह लेन-देन चंदे का गलत इस्तेमाल था और कहा कि उनके दावों के समर्थन में सबूत विशेष जांच दल (एसआईटी) को सौंपे जाएंगे।

आप नेता ने कहा कि उन्होंने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक, अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और संबंधित थाना प्रभारी को अपने आधिकारिक ईमेल से लिखित शिकायतें भेजी हैं।

सिंह ने आरोप लगाया कि शाहनवाज़पुर माझा में 117 बिस्वा जमीन का टुकड़ा 55.47 करोड़ रुपये में खरीदा गया, जबकि उसकी असल कीमत इससे काफी कम थी।

उन्होंने अयोध्या के आस-पास जमीन के पिछले लेन-देन का भी जिक्र किया और दावा किया कि कई सौदों की वजह से ट्रस्ट को ‘‘भारी आर्थिक नुकसान’’ हुआ।

सिंह ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि लेन-देन को लेकर जताई गई चिंताओं का ठीक से समाधान नहीं किया गया। उन्होंने इस मुद्दे पर वरिष्ठ नेताओं की ‘‘चुप्पी’’ पर सवाल उठाए और भक्तों द्वारा दिए गए दान के इस्तेमाल में जवाबदेही की मांग की।

भाषा शफीक माधव

माधव


लेखक के बारे में