पंजाब में आप, कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल जनता का भरोसा खो रहे : चिराग पासवान

पंजाब में आप, कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल जनता का भरोसा खो रहे : चिराग पासवान

पंजाब में आप, कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल जनता का भरोसा खो रहे : चिराग पासवान
Modified Date: July 19, 2026 / 07:15 pm IST
Published Date: July 19, 2026 7:15 pm IST

चंडीगढ़, 19 जुलाई (भाषा) केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रविवार को कहा कि पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप), कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) लगातार जनता का भरोसा खो रहे हैं।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए पंजाब में अपनी पकड़ मजबूत करने के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी अपना विस्तार करने पर काम कर रही है।

खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री रविवार को अमृतसर पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी मां के साथ स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका और जलियांवाला बाग की यात्रा की।

पासवान ने पत्रकारों से बातचीत में आम आदमी पार्टी नीत राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पंजाब के भविष्य के लिए यह सरकार सही विकल्प नहीं हो सकती, क्योंकि आप ने दिल्ली में 10 वर्षों तक शासन करते हुए उसे बर्बाद किया और ‘‘लूटा।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब के लोगों ने आप को सरकार बनाने का मौका दिया, लेकिन पार्टी इसके बजाय भ्रष्टाचार में लिप्त हो गई।

पासवान ने राज्य में नशे की समस्या को लेकर भी आप सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘जहां तक मेरी जानकारी है, पंजाबी लोग आप से पूरी तरह निराश हो चुके हैं और वे बदलाव चाहते हैं।’’

पासवान ने कहा कि वह पंजाब में अपनी पार्टी को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि भविष्य में कोई गठबंधन होगा या हम कितनी सीटों पर चुनाव लड़ पाएंगे। हालांकि, हम सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।’’

शिरोमणि अकाली दल पर निशाना साधते हुए पासवान ने कहा कि यह पार्टी लंबे समय तक पंजाब की सत्ता में रही है, उसके शासन का तरीका और उसके कार्यकाल के दौरान राज्य में विकास की कमी किसी से छिपी नहीं है।

कांग्रेस में कथित अंदरूनी कलह पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस में जो स्थिति पहले (नवजोत सिंह) सिद्धू जी और कैप्टन साहब (अमरिंदर सिंह) के बीच थी, वही स्थिति अब (चरणजीत सिंह) चन्नी और प्रदेश अध्यक्ष (अमरिंदर सिंह राजा वडिंग) के बीच बनी हुई है।’’

पासवान ने दावा किया कि ये तीनों दल धीरे-धीरे जनता का भरोसा खो रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि मेरी पार्टी लोजपा (रामविलास) को यहां की जनता का आशीर्वाद मिलेगा।’’

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में