‘थप्पड़ मारने’ की घटना को लेकर ‘आप’ का प्रदर्शन, पीडब्ल्यूडी मंत्री के खिलाफ प्राथमिकी की मांग

‘थप्पड़ मारने’ की घटना को लेकर ‘आप’ का प्रदर्शन, पीडब्ल्यूडी मंत्री के खिलाफ प्राथमिकी की मांग

‘थप्पड़ मारने’ की घटना को लेकर ‘आप’ का प्रदर्शन, पीडब्ल्यूडी मंत्री के खिलाफ प्राथमिकी की मांग
Modified Date: September 28, 2026 / 12:07 am IST
Published Date: September 28, 2026 12:07 am IST

नयी दिल्ली, 27 सितंबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने कथित तौर पर थप्पड़ मारने की घटना को लेकर रविवार को पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में प्रदर्शन किया और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान ‘आप’ की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज को हिरासत में ले लिया।

भारद्वाज ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम पुलिस उपायुक्त कार्यालय जा रहे हैं क्योंकि अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। जब सब कुछ थाना प्रभारी (एसएचओ) के सामने हुआ और पूरी घटना वीडियो में है तो प्राथमिकी क्यों नहीं दर्ज की गई? यह पुलिस की पूरी तरह मिलीभगत है। इस गुंडागर्दी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बावजूद पुलिस ने अब तक मामला दर्ज नहीं किया है और इसी के विरोध में ‘आप’ कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं।

‘आप’ के स्थानीय विधायक जरनैल सिंह के साथ बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और पीडब्ल्यूडी मंत्री के इस्तीफे तथा उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर नारेबाजी की।

पुलिस के एक सूत्र ने बताया, ‘‘कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और उन्हें जाफरपुर कलां थाने ले जाया गया।’’

रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली में राजनीतिक विवाद शुरू हो गया। वीडियो में पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह को एक व्यक्ति को कथित तौर पर थप्पड़ मारते हुए देखा गया।

भाषा जितेंद्र अमित

अमित


लेखक के बारे में