मॉरीशस के श्रद्धालुओं को चारधाम यात्रा पर ले जा रहे वाहन के ब्रेक फेल, चालक की सूझबूझ से हादसा टला
मॉरीशस के श्रद्धालुओं को चारधाम यात्रा पर ले जा रहे वाहन के ब्रेक फेल, चालक की सूझबूझ से हादसा टला
नयी टिहरी, 12 मई (भाषा) टिहरी जिले में मंगलवार को मॉरीशस के श्रद्धालु को चारधाम यात्रा पर ले जा रहे वाहन के ब्रेक फेल हो गए, परंतु चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ‘हैंड ब्रेक’ की मदद से उसे नियंत्रित कर लिया और यात्री बाल-बाल बच गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा करने के बाद मॉरीशस के श्रद्धालुओं का दल टेंपो ट्रैवलर से बदरीनाथ और केदारनाथ जा रहा था। इसी दौरान जिले के कीर्तिनगर क्षेत्र में दुगड्डा पुलिस चौकी के पास अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए।
स्थिति गंभीर होने के बावजूद हरियाणा निवासी 30 वर्षीय चालक कन्हैया ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए हैंड ब्रेक की सहायता से वाहन को नियंत्रित कर सुरक्षित रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इसके बाद चालक ने पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। वाहन की मरम्मत के लिए मैकेनिक को बुलाया गया। इस दौरान पुलिस ने तीर्थयात्रियों के लिए अपनी रसोई उपलब्ध कराई।
पुलिस थाने में बनाए गए एक वीडियो में भूखे और थके श्रद्धालु खुशी-खुशी भोजन बनाते दिखाई दे रहे हैं।
एक महिला श्रद्धालु ने कहा, “हमें बहुत भूख लगी थी और पुलिस ने हमें अपनी रसोई इस्तेमाल करने की अनुमति देकर बहुत दयालुता दिखाई। उन्होंने हमें नमक, मसाले और जरूरत का सारा सामान उपलब्ध कराया।”
उन्होंने उत्तराखंड पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों का व्यवहार बेहद अच्छा रहा। श्रद्धालुओं ने पुलिस टीम द्वारा दी गई मदद और आतिथ्य के लिए आभार भी जताया।
कोतवाली प्रभारी संजय मिश्रा ने कहा, “हमने यह सुनिश्चित किया कि वाहन की मरम्मत होने तक 10 से 12 श्रद्धालुओं का दल आराम से रहे।”
उन्होंने बताया कि वाहन पूरी तरह ठीक होने के बाद सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
भाषा सं दीप्ति खारी
खारी

Facebook


