गोवा के समुद्र तटों पर विदेशियों को परेशान करने वाले पर्यटकों के खिलाफ कार्रवाई तेज: मंत्री

गोवा के समुद्र तटों पर विदेशियों को परेशान करने वाले पर्यटकों के खिलाफ कार्रवाई तेज: मंत्री

गोवा के समुद्र तटों पर विदेशियों को परेशान करने वाले पर्यटकों के खिलाफ कार्रवाई तेज: मंत्री
Modified Date: March 10, 2026 / 06:57 pm IST
Published Date: March 10, 2026 6:57 pm IST

पणजी, 10 मार्च (भाषा) गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन खौंटे ने मंगलवार को कहा कि राज्य के समुद्र तटों पर सेल्फी के लिए विदेशी पर्यटकों को परेशान करने और अनुचित व्यवहार करने वाले पर्यटकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है।

खौंटे ने राज्य विधानसभा को सूचित किया कि गोवा देश और दुनिया भर के पर्यटकों का स्वागत करता है, लेकिन गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में ऐसे मामले देखे गए जब युवा पर्यटक समुद्र तटों पर सेल्फी के लिए विदेशी आगंतुकों के पास गए और कभी-कभी वे ऐसा व्यवहार करते हैं जिससे वहां का शांत वातावरण प्रभावित होता है।

पर्यटन मंत्री ने कहा, ‘‘मैंने इस मामले पर मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के साथ चर्चा की है और नियम-कानून के क्रियान्वयन के लिए कदम उठाए जा रहे हैं, जिसमें संबंधित थानों के समन्वय में पर्यटन पुलिस इकाई (टीपीयू) के माध्यम से समुद्र तटों पर अतिरिक्त पुलिस कर्मियों को तैनात करना शामिल है। जहां भी आवश्यक हो, गिरफ्तारियां की जा रही हैं।’’

राज्य की छवि एक जिम्मेदार और स्वागतयोग्य पर्यटन स्थल के रूप में बनाए रखने पर जोर देते हुए खौंटे ने कहा, ‘‘गोवा हर आगंतुक का खुले दिल से स्वागत करता है, पर इसे अनुशासनहीनता की छूट समझना ठीक नहीं है।’’

खौंटे ने कहा कि आगंतुकों से आग्रह किया गया है कि वे जिम्मेदारी से गोवा का आनंद लें और स्थानीय कानूनों, संस्कृति और अन्य लोगों का सम्मान करें।

भाषा आशीष नरेश

नरेश


लेखक के बारे में