छात्रों पर हमला करने वालों पर कार्रवाई हो, प्रधानमंत्री माफी मांगें: राहुल

छात्रों पर हमला करने वालों पर कार्रवाई हो, प्रधानमंत्री माफी मांगें: राहुल

छात्रों पर हमला करने वालों पर कार्रवाई हो, प्रधानमंत्री माफी मांगें: राहुल
Modified Date: July 27, 2026 / 11:43 am IST
Published Date: July 27, 2026 11:43 am IST

नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों पर कथित हमलों और पुलिस की कार्रवाई को लेकर सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि उन्हें देश के छात्रों से माफी मांगनी चाहिए।

गांधी ने बिहार में छात्रों के प्रदर्शन से जुड़ी एक खबर का हवाला देते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि छात्रों के खिलाफ ‘‘पूरा का पूरा सिस्टम ही जानलेवा’’ है।

उन्होंने दावा किया कि बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर एके-47 से गोली चलाए जाने और सैकड़ों छात्रों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने की खबरें आ रही हैं।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी से सवाल किया, ‘‘कहां गया आपका वादा कि छात्रों पर कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की जाएगी और उन्हें रिहा कर दिया जाएगा?’’

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इसके विपरीत छात्रों पर घातक हमले और ‘‘बर्बरता’’ की जा रही है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में छात्रों पर ‘पैलेट’ गन चलाई गई और बिहार में एके-47 का इस्तेमाल किया गया।

गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार या दिल्ली, हर जगह इसी तरह का कदम उठाया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ‘‘झूठी’’ है और सुधार करना उसके बस की बात नहीं है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार अपनी बातों से मुकर जाएगी और हर तरीके से छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास करेगी।

गांधी ने कहा, ‘‘मोदी जी, देश के छात्रों से माफ़ी मांगिए और जिन्होंने छात्रों पर हमला किया है, उन्हें कुचला है, उनपर कार्रवाई कीजिए छात्रों पर नहीं।’’

भाषा हक हक शोभना

शोभना


लेखक के बारे में