वायनाड में पर्वतारोहण के दौरान रास्ता भटके दो युवक को बचाया गया
वायनाड में पर्वतारोहण के दौरान रास्ता भटके दो युवक को बचाया गया
वायनाड (केरल), 27 जुलाई (भाषा) वायनाड जिले में अंबालावायल के पास पोनमुडीकोट्टा पहाड़ी पर से उतरते समय रास्ता भटक गए दो युवकों को पुलिस और अग्निशमन एवं बचाव सेवाओं के संयुक्त अभियान के बाद सुरक्षित बचा लिया गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सुल्तान बतेरी दमकल केंद्र के अधिकारियों के अनुसार, कल्लूर निवासी मुबशीर और मोहम्मद मुंधीर रविवार दोपहर पोनमुडीकोट्टा पहाड़ी पर गए थे।
पहाड़ी के दूसरी तरफ से नीचे उतरते समय वे रास्ता भटक गए। अंधेरा होने पर दोनों युवकों ने वापस चोटी पर लौटने की कोशिश की, लेकिन वे ऐसा नहीं कर पाए।
अधिकारियों ने बताया कि शाम लगभग सात बजे मोबाइल फोन का नेटवर्क आने पर युवकों ने अग्निशमन एवं बचाव सेवाओं से संपर्क कर मदद मांगी।
अग्निशमन और बचाव सेवाओं ने अंबालावायल पुलिस को सूचित किया और स्थानीय निवासियों की मदद से एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि लगभग ढाई घंटे की तलाश के बाद रात नौ बजकर 45 मिनट पर युवकों का पता लगा लिया गया और उन्हें सुरक्षित अंबालावायल लाया गया।
उन्होंने बताया कि दोनों युवक ऐसे इलाके में मिले, जहां अक्सर जंगली जानवर देखे जाते हैं।
अधिकारियों ने कहा कि पोनमुडीकोट्टा पहाड़ी पर्वतारोहियों के बीच खासी लोकप्रिय है।
भाषा खारी मनीषा
मनीषा

Facebook


