केएएस अधिकारी को बदनाम करने के उद्देश्य से फर्जी ऑडियो अपलोड करने के आरोप में कार्यकर्ता गिरफ्तार
केएएस अधिकारी को बदनाम करने के उद्देश्य से फर्जी ऑडियो अपलोड करने के आरोप में कार्यकर्ता गिरफ्तार
बेंगलुरु, 20 फरवरी (भाषा) कर्नाटक प्रशासनिक सेवा (केएएस) के एक वरिष्ठ अधिकारी को बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया पर फर्जी ऑडियो क्लिप अपलोड करने और फर्जी दस्तावेज बनाने के आरोप में सामाजिक कार्यकर्ता स्नेहमयी कृष्णा को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मैसूरु निवासी कृष्णा को केंद्रीय अपराध शाखा ने हिरासत में ले लिया है।
केएएस के वरिष्ठ अधिकारी और मैसूरु शहरी विकास प्राधिकरण (एमयूडीए) के पूर्व आयुक्त डी बी नटेश द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत की जांच के बाद यह गिरफ्तारी की गई।
बेंगलुरु शहर साइबर अपराध पुलिस थाने में 18 फरवरी को मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, कृष्णा ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता की तस्वीर का इस्तेमाल करके फर्जी दस्तावेज और एक ऑडियो क्लिप बनाए और उन्हें अपने फेसबुक अकाउंट पर अपलोड कर अधिकारी को बदनाम करने का अभियान चलाया।
बेंगलुरु पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह के कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया है, “जांच के दौरान, शिकायतकर्ता और सोशल मीडिया मंच से सबूत जुटाए गए और फेसबुक पर अपलोड की गई ऑडियो क्लिप की जांच की गई।”
बयान में आगे कहा गया है कि अदालत द्वारा जारी तलाशी वारंट के बाद, पुलिस ने आरोपी के आवास पर तलाशी ली और संबंधित दस्तावेज जब्त किए।
पुलिस ने बताया कि कृष्णा को पेश होने के लिए नोटिस जारी किया गया है और उसे हिरासत में लेकर मामले के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
भाषा
राखी मनीषा
मनीषा

Facebook


