दिल्ली के सरकारी स्कूलों में ‘नॉन-प्लान’ श्रेणी के तहत दाखिले एक अप्रैल से शुरू होंगे

Ads

दिल्ली के सरकारी स्कूलों में ‘नॉन-प्लान’ श्रेणी के तहत दाखिले एक अप्रैल से शुरू होंगे

  •  
  • Publish Date - March 31, 2026 / 10:19 PM IST,
    Updated On - March 31, 2026 / 10:19 PM IST

नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) दिल्ली के सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छठी से नौवीं कक्षा के लिए ‘नॉन-प्लान’ श्रेणी के तहत दाखिले एक अप्रैल से शुरू होंगे। शिक्षा निदेशालय दिल्ली द्वारा जारी परिपत्र में यह जानकारी दी गयी।

परिपत्र में कहा गया है कि ‘नॉन-प्लान’ दाखिले केवल उन छात्रों के लिए होंगे, जो दिल्ली में निवास करते हैं और जिनकी पढ़ाई कुछ विशेष परिस्थितियों के कारण प्रभावित हुई है, जैसे माता-पिता के नौकरी स्थानांतरण के चलते या जो पिछली कक्षा तक निजी स्कूलों में पढ़ रहे थे।

परिपत्र के अनुसार, प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली के माध्यम से तीन चरणों में आयोजित की जाएगी। पहला चरण एक अप्रैल (दोपहर 12 बजे) से सात अप्रैल (शाम 5 बजे) तक चलेगा। इसके बाद अगला चरण 30 अप्रैल से 25 मई और तीसरा चरण एक जुलाई से 25 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा।

शिक्षा निदेशालय दिल्ली के अनुसार, पहले चरण के लिए स्कूल आवंटन की घोषणा 21 अप्रैल को की जाएगी, जिसके बाद 22 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच दस्तावेजों का सत्यापन होगा।

परिपत्र में कहा गया है कि दूसरे और तीसरे चरण के लिए भी इसी तरह की समय-सारिणी तय की गई है और पूरी प्रवेश प्रक्रिया 31 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी।

विभाग ने बताया कि सरकारी स्कूलों में बच्चों का प्रवेश चाहने वाले अभिभावकों को इसकी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा।

भाषा राखी दिलीप

दिलीप