मलप्पुरम में 14 वर्षीय लड़के की आत्महत्या के बाद छात्र संगठनों के एक स्कूल तक विरोध मार्च निकाला
मलप्पुरम में 14 वर्षीय लड़के की आत्महत्या के बाद छात्र संगठनों के एक स्कूल तक विरोध मार्च निकाला
मलप्पुरम (केरल), आठ मई (भाषा) केरल के पेरिंथलमन्ना में 14 वर्षीय छात्र की कथित आत्महत्या के बाद शुक्रवार को छात्र संगठनों ने एक स्कूल तक विरोध मार्च निकाला। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह विरोध प्रदर्शन तेजस पी की मौत के बाद किया गया। पेरिंथलमन्ना निवासी तेजस दो मई की सुबह अपने बेडरूम में फंदे से लटका हुआ मिला था।
लड़के के पिता हरीश पी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया है कि पेरिंथलमन्ना के जिस निजी प्रबंधन वाले स्कूल में उनका बेटा पढ़ता था, वहां के शिक्षकों ने पढ़ाई को लेकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में हरीश ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को शिक्षकों द्वारा अन्य छात्रों के सामने अक्सर अपमानित और परेशान किया जाता था।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘जब हम उसे किसी दूसरे स्कूल में भेजना चाहते थे, तब शिक्षकों ने धमकी दी कि वे स्कूल स्थानांतरण प्रमाणपत्र पर लाल निशान लगा देंगे, जिसके बाद उसे किसी अन्य शैक्षणिक संस्थान में प्रवेश नहीं मिलेगा। वह तनाव में था और यही उसकी मौत का मुख्य कारण है।’’
हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि मौत की जांच के तहत पुलिस द्वारा बयान दर्ज किए जाने के दौरान स्कूल प्रशासन ने उत्पीड़न के आरोपों से इनकार किया।
शुक्रवार को स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई), मुस्लिम स्टूडेंट्स फेडरेशन (एमएसएफ) और फ्रेटरनिटी मूवमेंट समेत कई छात्र संगठनों ने संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए स्कूल तक विरोध मार्च निकाला।
पुलिस ने शुरुआत में एमएसएफ और फ्रेटरनिटी मूवमेंट के कार्यकर्ताओं को रोक दिया। बाद में उन्हें हिरासत में लेकर इलाके से हटाया गया।
पुलिस के अनुसार, बाद में स्कूल की ओर मार्च करने वाले एसएफआई कार्यकर्ता स्कूल परिसर में घुस गए।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने स्कूल के मुख्य द्वार के सामने बैठकर नारेबाजी की।
इसके बाद पुलिस ने एसएफआई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर परिसर से बाहर कर दिया।
पुलिस ने बताया कि और अधिक विरोध मार्च की आशंका को देखते हुए स्कूल के समीप बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा

Facebook


