हमुनाम जयंती से पहले जहांगीरपुरी में निगरानी बढ़ाई गयी, अमन कमेटी की हुई बैठक
हमुनाम जयंती से पहले जहांगीरपुरी में निगरानी बढ़ाई गयी, अमन कमेटी की हुई बैठक
नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) हनुमान जयंती से पहले दिल्ली पुलिस ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वरिष्ठ अधिकारियों ने फ्लैग मार्च करवाया और सांप्रदायिक सद्भाव सुनिश्चित करने के लिए जहांगीरपुरी में अमन कमेटी की बैठक भी आयोजित की गई।
एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि दो अप्रैल पड़ने वाले इस त्योहार के लिए पूरे जिले में बहुस्तरीय सुरक्षा योजना लागू की गई है, जिसमें 2022 में हुई हिंसा को देखते हुए जहांगीरपुरी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
वरिष्ठ अधिकारी जमीनी स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं, जबकि अतिरिक्त पुलिस कर्मियों और अर्धसैनिक बलों को संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है।
पुलिस ने कहा कि सुरक्षा और कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों, बाजारों, मंदिरों और शोभा यात्रा के मार्गों पर बाइक और पैदल गश्त तेज कर दी है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘जहांगीरपुरी थाने में अमन कमेटी की बैठक बुलाई गई थी। बैठक में उत्तर पश्चिम दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आकांक्षा यादव, अतिरिक्त डीसीपी सिकंदर सिंह और शालीमार बाग के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) रोहित गुप्ता उपस्थित थे।’
बैठक का उद्देश्य लोगों के साथ समन्वय को मजबूत करना और यह सुनिश्चित करना है कि उत्सव शांतिपूर्ण ढांग से मनाए जाएं।
अधिकारी के अनुसार, शोभा यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
पुलिस ने कहा कि सभी शोभा यात्राएं निर्धारित मार्गों से, समय से और कड़ी निगरानी में निकलेंगी। पर्याप्त तैनाती और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी से निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
अधिकारियों ने प्रत्येक शोभा यात्रा में भाग लेने वाले लोगों की संख्या 500 तक सीमित कर दी है और हथियार, लाठी या किसी भी खतरनाक वस्तु को ले जाने पर प्रतिबंध सहित कई पाबंदियां लगाई हैं।
अधिकारी ने बताया, “सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और स्थानीय खुफिया जानकारी के माध्यम से निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रमुख स्थानों पर अवरोधक लगाए गए हैं।”
वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए एक व्यापक यातायात मार्ग परिवर्तन योजना भी लागू की गई है।
पुलिस ने बताया कि ये विस्तृत प्रबंध 2022 में जहांगीरपुरी में हुई हिंसा के मद्देनजर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से किए गए हैं। हनुमान जयंती की शोभा यात्रा के दौरान पत्थरबाजी और आगजनी की घटनाओं में आठ पुलिसकर्मी और एक स्थानीय व्यक्ति घायल हो गया था।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव

Facebook


