मानसून सत्र से पहले विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने संसद भवन में अभ्यास किया
मानसून सत्र से पहले विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने संसद भवन में अभ्यास किया
नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) संसद के मानसून सत्र से पहले रविवार को संसद भवन परिसर में तैनात सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर अभ्यास किया।
मानसून सत्र सोमवार से शुरू होगा और 13 अगस्त तक चलेगा।
मध्य दिल्ली में स्थित संसद भवन परिसर की सुरक्षा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के साथ दिल्ली पुलिस, सीआरपीएफ, एनएसजी, एनडीआरएफ और संसद के सुरक्षाकर्मी करते हैं।
सीआईएसएफ के महानिदेशक प्रवीर रंजन ने संसद भवन का दौरा किया और मानसून सत्र के लिए सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की।
बल ने बताया, “महानिदेशक ने सैनिक सम्मेलन की अध्यक्षता की, जवानों से बातचीत की, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया और रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु (सीबीआरएन) खतरों से निपटने की तैयारी तथा लगातार कौशल बढ़ाने पर जोर दिया।”
सीआईएसएफ ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “महानिदेशक ने लोकसभा अध्यक्ष और लोकसभा के महासचिव से भी मुलाकात करके सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।”
तैयारियों के तहत विभिन्न सुरक्षा बलों, एजेंसियों और अन्य संबंधित पक्षों की भागीदारी से एक संयुक्त अभ्यास आयोजित किया गया, ताकि आपात स्थिति में कार्रवाई की व्यवस्था की जांच की जा सके और अलग-अलग एजेंसियों के बीच तालमेल को और मजबूत बनाया जा सके।
मई 2024 में संसद की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआईएसएफ को सौंपी गई थी। यह अर्धसैनिक बल केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन काम करता है।
भाषा जोहेब प्रशांत
प्रशांत

Facebook


