अहमदाबाद के ‘जेल भजिया हाउस’ का ढाई करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प

अहमदाबाद के ‘जेल भजिया हाउस’ का ढाई करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प

अहमदाबाद के ‘जेल भजिया हाउस’ का ढाई करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प
Modified Date: September 16, 2026 / 12:50 am IST
Published Date: September 16, 2026 12:50 am IST

अहमदाबाद, 15 सितंबर (भाषा) गुजरात के अहमदाबाद शहर में साबरमती केंद्रीय कारागर के कैदियों की ओर से संचालित मशहूर ‘जेल भजिया हाउस’ को ढाई करोड़ रुपये से अधिक लागत से तीन मंजिला विरासत-आधारित परिसर में तब्दील किया जा रहा है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में मंगलवार को यह जानकारी दी गई।

विज्ञप्ति के मुताबिक, अहमदाबाद में आरटीओ सर्किल पर साबरमती जेल के पास स्थित इस तीन-मंजिला परिसर का निर्माण कार्य गुजरात के पुलिस महानिदेशक (कारागार) केएलएन राव की देखरेख में किया जा रहा है और यह पूरा होने के करीब है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि नयी इमारत का मकसद कैदियों के कौशल को बढ़ावा देना और जेल से रिहाई के बाद समाज में उनके सुधार एवं पुनर्वास के प्रति सकारात्मक सोच पैदा करना है।

इसमें कहा गया है कि इमारत के भूतल पर पारंपरिक ‘भजिया’ और अन्य तले हुए पकवानों की बिक्री की जाएगी, जहां ग्राहकों के बैठने की भी सुविधा होगी।

विज्ञप्ति के अनुसार, पहली मंजिल पर एक ‘डाइनिंग एरिया’ बनाया गया है, जहां आगंतुकों को कैदियों की ओर से तैयार विशेष ‘गांधी थाली’ परोसी जाएगी, जिसमें सात्विक भोजन यानी फलों, सब्जियों और साबुत अनाज पर आधारित आहार शामिल होगा।

इसमें कहा गया है कि दूसरी मंजिल पर एक संग्रहालय बनाया जाएगा, जिसमें आजादी की लड़ाई के दौरान साबरमती जेल में समय बिताने वाले स्वतंत्रता सेनानियों का इतिहास दिखाया जाएगा।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि इमारत में एक ‘फोटो गैलरी’ भी होगी, जिसमें महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल, महादेवभाई देसाई, जावेरचंद मेघाणी और लोकमान्य तिलक समेत कई स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे।

भाषा पारुल गोला

गोला


लेखक के बारे में