पीएससी अध्यक्ष विशेषाधिकार का दावा नहीं कर सकते: केरलम के मुख्यमंत्री सतीशन
पीएससी अध्यक्ष विशेषाधिकार का दावा नहीं कर सकते: केरलम के मुख्यमंत्री सतीशन
(फोटो के साथ)
तिरुवनंतपुरम, 16 सितंबर (भाषा) केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने बुधवार को कहा कि पीएससी अध्यक्ष किसी विशेषाधिकार का दावा नहीं कर सकते और चेतावनी दी कि यदि वह राज्य भर्ती निकाय की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की अपराध शाखा की जांच में सहयोग करने से इनकार करते हैं तो पुलिस कानूनी कार्रवाई करेगी।
वह केरल लोक सेवा आयोग (पीएससी) के अध्यक्ष के कथित रुख को लेकर पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे।
पीएससी अध्यक्ष ने कथित तौर पर कहा था कि वह जारी जांच के सिलसिले में अपराध शाखा मुख्यालय में पूछताछ के लिए पेश नहीं होंगे।
सतीशन ने कहा, ‘‘किसी को भी कोई विशेषाधिकार प्राप्त नहीं है। इस देश में बहुत महत्वपूर्ण लोगों को भी पूछताछ के लिए बुलाया जाता है। यहां हर कोई एक नागरिक है।’’
उन्होंने कहा कि पीएससी पर गंभीर आरोप लगे हैं कि परीक्षाओं में अनियमितताएं कर उम्मीदवारों के साथ धोखाधड़ी की गई। उन्होंने कहा, ‘‘यदि कोई यह रुख अपनाता है कि वह जांच में सहयोग नहीं करेगा तो पुलिस कानूनी कार्रवाई करेगी। कोई भी इस तरह का रुख नहीं अपना सकता।’’
सतीशन ने कहा कि जरूरत पड़ने पर उन्होंने खुद भी और सभी लोगों ने जांच में सहयोग किया है। उन्होंने कहा, ‘‘पीएससी अध्यक्ष को कोई विशेष दर्जा प्राप्त नहीं है। एक बड़ा फर्जीवाड़ा हुआ है। जांचकर्ताओं के सवालों के जवाब देने होंगे और उनके द्वारा मांगे गए दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे, अन्यथा पुलिस कानूनी कार्रवाई करेगी।’’
मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की पिछली सरकार के कार्यकाल में आयोजित पीएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की अपराध शाखा द्वारा की जा रही जांच के बीच आई है।
भाषा
देवेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


