अन्नाद्रमुक प्रमुख पलानीस्वामी ने पुडुचेरी के एक रिसॉर्ट में तमिलनाडु के पार्टी विधायकों के साथ बैठक की

अन्नाद्रमुक प्रमुख पलानीस्वामी ने पुडुचेरी के एक रिसॉर्ट में तमिलनाडु के पार्टी विधायकों के साथ बैठक की

अन्नाद्रमुक प्रमुख पलानीस्वामी ने पुडुचेरी के एक रिसॉर्ट में तमिलनाडु के पार्टी विधायकों के साथ बैठक की
Modified Date: May 8, 2026 / 09:54 am IST
Published Date: May 8, 2026 9:54 am IST

पुडुचेरी, आठ मई (भाषा) अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी ने बृहस्पतिवार को तमिलनाडु से नवनिर्वाचित विधायकों के साथ पुडुचेरी के बाहरी इलाके अरियानकुप्पम के पास स्थित एक निजी रिसॉर्ट में बैठक की।

करीब 40 विधायक इस बैठक में मौजूद थे, जो लगभग एक घंटे तक चली।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, पलानीस्वामी ने नवनिर्वाचित विधायकों से एकजुट रहने और धैर्य बनाए रखने को कहा।

उन्होंने विधायकों से कहा, ‘‘अच्छी चीजें होंगी, इसलिए आप सभी अगले कुछ दिनों तक रिसॉर्ट में एकजुट रहें और धैर्य बनाए रखें।’’

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत हासिल करने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस पहले ही टीवीके को समर्थन दे चुकी है, जिसके पास पांच विधायक हैं।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके ने 108 सीटें जीतीं, जबकि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) को 59, अन्ना द्रमुक को 47, कांग्रेस को पांच, पीएमके को चार, आईयूएमएल को दो, भाकपा को दो, माकपा को दो और वीसीके को दो सीटें मिलीं। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), डीएमडीके और एएमएमके को एक-एक सीट मिली।

टीवीके प्रमुख विजय को जीती गई दो सीटों में से एक सीट से इस्तीफा देना होगा।

तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए टीवीके 118 विधायकों के समर्थन के आंकड़े तक पहुंचने से पीछे रह गई।

अन्ना द्रमुक की पुडुचेरी इकाई के सचिव और इकलौते विधायक ए. अंबलगन ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ रिसॉर्ट में पलानीस्वामी का स्वागत किया।

भाषा गोला रंजन

रंजन


लेखक के बारे में