अन्नाद्रमुक के गुटों में खींचतान, षणमुगम ने ‘न्याय’ मिलने तक मुख्यालय में कदम नहीं रखने का दावा किया

अन्नाद्रमुक के गुटों में खींचतान, षणमुगम ने ‘न्याय’ मिलने तक मुख्यालय में कदम नहीं रखने का दावा किया

अन्नाद्रमुक के गुटों में खींचतान, षणमुगम ने ‘न्याय’ मिलने तक मुख्यालय में कदम नहीं रखने का दावा किया
Modified Date: May 14, 2026 / 04:27 pm IST
Published Date: May 14, 2026 4:27 pm IST

(तस्वीर के साथ)

चेन्नई, 14 मई (भाषा) तमिलनाडु में ई. के. पलानीस्वामी के नेतृत्व वाले ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) गुट ने बृहस्पतिवार को वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की और पार्टी के भीतर बढ़ते मतभेदों के बाद आगे की रणनीति पर चर्चा की।

तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार के बहुमत परीक्षण के दौरान ‘क्रॉस वोटिंग’ से पार्टी के भीतर मतभेद बढ़ गए हैं।

वरिष्ठ नेताओं सी. वी. षणमुगम और एस. पी. वेलुमणि के नेतृत्व वाला प्रतिद्वंद्वी गुट भी एकजुट नजर आ रहा है।

पलानीस्वामी द्वारा षणमुगम और वेलुमणि समेत बागी नेताओं और विधायकों को उनके संबंधित पार्टी पदों से हटाए जाने के बाद दोनों गुट बृहस्पतिवार को अपने समर्थकों के साथ विचार-विमर्श करने के लिए एकत्र हुए हैं।

अन्नाद्रमुक में बढ़ते तनाव के बीच पार्टी मुख्यालय – पुरची थलाइवर एमजीआर मालीगई में भारी पुलिस सुरक्षा तैनात की गई।

पलानीस्वामी और तत्कालीन पार्टी नेता ओ. पन्नीरसेल्वम के बीच 2022 में नेतृत्व संघर्ष को लेकर बढ़े मतभेदों के दौरान हिंसा भड़क उठी थी और अन्नाद्रमुक मुख्यालय को निशाना बनाया गया था तथा उसे नुकसान पहुंचाया गया था।

अन्नाद्रमुक सूत्रों ने यहां बताया कि षणमुगम-वेलुमणि गुट कानूनी विकल्पों पर विचार करने की योजना बना रहा है क्योंकि उनके गुट में पलानीस्वामी के समर्थक विधायकों की तुलना में ‘‘अधिक विधायक’’ हैं।

पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा, ‘‘वे (षणमुगम गुट) पलानीस्वामी से एक बार फिर बैठक बुलाने की मांग करने की भी योजना बना रहे हैं।’’

षणमुगम ने बैठक से पहले मीडियाकर्मियों से बात करते हुए जोर देकर कहा कि जब तक उनके गुट को ‘‘न्याय’’ नहीं मिल जाता, उनके समर्थक विधायक या वरिष्ठ नेता अन्नाद्रमुक मुख्यालय नहीं आएंगे। षणमुगम ने कहा, ‘‘किसी भी स्थिति में मैं मुख्यालय नहीं आऊंगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि दोनों गुटों के बीच कोई झड़प न हो।’’

पलानीस्वामी ने बागी गुट का मुकाबला करने के लिए अपने आवास पर समर्थक विधायकों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता भी की। बड़ी संख्या में अन्नाद्रमुक कार्यकर्ता पलानीस्वामी के आवास पहुंचे और अपना समर्थन जताया। नव नियुक्त पदाधिकारियों ने भी उनसे मुलाकात की।

इस बीच, पलानीस्वामी के समर्थक एवं विधायक एग्री एस. कृष्णमूर्ति और विधायक थलवई एन. सुंदरम ने विधानसभा अध्यक्ष जेसीडी प्रभाकर से मुलाकात कर बागी विधायकों को पद से अयोग्य घोषित करने की मांग वाली अपनी शिकायत पर कार्रवाई का आग्रह किया क्योंकि बागी विधायकों ने बुधवार को परीक्षण में पार्टी के निर्देशानुसार सरकार के खिलाफ मतदान नहीं किया था।

भाषा यासिर शफीक

शफीक


लेखक के बारे में