केरल में अगले मुख्यमंत्री के विषय पर कांग्रेस विधायकों के साथ एआईसीसी पर्यवेक्षकों की बैठक संपन्न

Ads

केरल में अगले मुख्यमंत्री के विषय पर कांग्रेस विधायकों के साथ एआईसीसी पर्यवेक्षकों की बैठक संपन्न

  •  
  • Publish Date - May 7, 2026 / 04:39 PM IST,
    Updated On - May 7, 2026 / 04:39 PM IST

तिरुवनंतपुरम, सात मई (भाषा) केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नीत यूडीएफ की जीत के बाद केरल के अगले मुख्यमंत्री के चयन पर विचार जानने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पर्यवेक्षकों मुकुल वासनिक और अजय माकन ने बृहस्पतिवार को पार्टी विधायकों के साथ बैठक की।

कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक के बाद वासनिक ने पत्रकारों से कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत ‘‘उल्लेखनीय’’ और ‘‘ऐतिहासिक’’ है, इसलिए उत्सव का माहौल था।

उन्होंने कहा, ‘‘यह अत्यंत खुशी की बात है और इसी माहौल में बैठक हुई।’’

यह पूछे जाने पर कि एआईसीसी पर्यवेक्षकों के लिए केरल के अगले मुख्यमंत्री का चयन करना कठिन है या आसान, वासनिक ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘हम यहां अपने सहयोगियों और पार्टी विधायकों से मिलने आए हैं। बैठक बहुत अच्छी रही। कांग्रेस विधायकों ने सबसे पहले सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित करने का निर्णय लिया, जिसे केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ ने पेश किया और मौजूदा सीएलपी नेता वी डी सतीशन ने इसका समर्थन किया। इस प्रस्ताव में कांग्रेस अध्यक्ष को अगले सीएलपी नेता का चयन करने का अधिकार दिया गया है।’’

माकन ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘देखते हैं कि आगे क्या होता है।’’

राज्य विधानसभा चुनाव में 63 सीट जीतने वाली कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के चयन को लेकर गहन चर्चा के बीच इंदिरा भवन में बैठक बुलाई।

सूत्रों के अनुसार, प्रस्ताव पारित होने के बाद एआईसीसी पर्यवेक्षकों ने नेतृत्व के मुद्दे पर विधायकों के विचार जानने के लिए उनसे व्यक्तिगत बैठकें शुरू कीं।

वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और नवनिर्वाचित विधायकों ने बंद कमरे में हुई बैठक में भाग लिया।

इससे पहले, आज वासनिक और माकन ने वरिष्ठ पार्टी नेताओं वी एम सुधीरन, के. सुधाकरन, रमेश चेन्निथला और वी डी सतीशन के साथ चर्चा की।

विधायक दल की बैठक के बाद एआईसीसी पर्यवेक्षक पार्टी आलाकमान को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे, जिसके बाद मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

पर्यवेक्षकों द्वारा पार्टी आलाकमान को एक रिपोर्ट सौंपे जाने की उम्मीद है, जो इस बारे में अंतिम निर्णय लेगा कि केरल का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।

वे यूडीएफ के घटक दलों के नेताओं के साथ भी मुलाकात करेंगे।

फिलहाल मुख्यमंत्री पद के लिए वी डी सतीशन, रमेश चेन्निथला और एआईसीसी महासचिव के सी वेणुगोपाल के नामों पर विचार किया जा रहा है।

भाषा

नेत्रपाल पवनेश

पवनेश