नाहन (हिप्र), सात मई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला स्थित देवमनल गांव के पास एक जलाशय में दो नाबालिग भाइयों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
यह गांव नाहन से करीब 120 किलोमीटर दूरी पर स्थित है।
पुलिस के अनुसार, अयान (8) और उसका भाई अभिनव (9) अपने पिता के साथ मवेशियों को चराने के लिए जंगल गए थे।
पुलिस ने बताया कि उनके पिता मवेशियों को ढूंढते हुए घने जंगल में चले गए और तभी दोनों बच्चे खेलते हुए पास ही में एक जलाशय में गिरकर ड्रब गए।
पुलिस ने बताया कि बच्चों के पिता जब तक वहां वापस पहुंचे तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही संगड़ाह उपमंडल से पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ जिले के एक अस्पताल ले जाया गया।
संगड़ाह के उप-मंडल मजिस्ट्रेट सुनील कैंथ ने बताया कि नौहराधार के तहसीलदार को प्रभावित परिवार को तत्काल वित्तीय सहायता जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने जनता से अपील की कि बरसात के मौसम में नदी-नालों और जलाशयों के आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक सावधानी बरतें।
भाषा यासिर पवनेश
पवनेश