रांची, सात मई (भाषा) आयकर विभाग ने 2025-26 के दौरान झारखंड और बिहार से कुल मिलाकर लगभग 20,000 करोड़ रुपये का कर जुटाया है। यह जानकारी बृहस्पतिवार को एक वरिष्ठ आयकर अधिकारी ने दी।
अधिकारी ने बताया कि दोनों राज्यों को मिलाकर व्यक्तिगत करदाताओं में सबसे अधिक कर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने चुकाया है।
प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त (बिहार-झारखंड), डॉ. डी. सुधाकर राव ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान बिहार और झारखंड से कुल वसूली लगभग 20,000 करोड़ रुपये थी, जिसमें से 12,000 करोड़ रुपये केवल झारखंड से वसूले गए।’’
उन्होंने बताया कि कुल वसूली का लगभग 70 प्रतिशत स्रोत पर कर कटौती (टीडीएस) के माध्यम से प्राप्त हुआ।
राव ने कहा, ‘‘पिछले वित्त वर्ष में बिहार और झारखंड को मिलाकर धोनी सबसे अधिक कर अदा करने वाले व्यक्तिगत करदाता हैं। हालांकि, उन्होंने अपने शुद्ध कर रिटर्न का खुलासा करने से परहेज किया।’’
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि कंपनियों में सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल), भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) और सीएमपीडीआई ने सबसे अधिक कर दिया है।
भाषा अजय अजय रमण
रमण