जयपुर में एम्स की सामान्य भर्ती परीक्षा-5 के दौरान सर्वर में खराबी, अभ्यर्थियों का हंगामा

जयपुर में एम्स की सामान्य भर्ती परीक्षा-5 के दौरान सर्वर में खराबी, अभ्यर्थियों का हंगामा

जयपुर में एम्स की सामान्य भर्ती परीक्षा-5 के दौरान सर्वर में खराबी, अभ्यर्थियों का हंगामा
Modified Date: August 31, 2026 / 02:55 pm IST
Published Date: August 31, 2026 2:55 pm IST

जयपुर, 31 अगस्त (भाषा) राजस्थान के जयपुर में सोमवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान(एम्स) की ओर से दोबारा आयोजित सामान्य भर्ती परीक्षा-5 के दौरान तकनीकी व्यवधान होने पर अभ्यर्थियों में नाराजगी जताई। अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र के बाहर हंगामा किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

सांगानेर सदर पुलिस थाना के थानाधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि घटना सीतापुरा स्थित आईओएन डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र पर हुई।

उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र पर एम्स की ओर से सामान्य भर्ती परीक्षा-5 के माध्यम से समूह ‘ब’ और समूह ‘ग’ के गैर-शैक्षणिक पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित की गई।

कुमार ने बताया, परीक्षा का आयोजन पूर्वाह्न नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक होना था, लेकिन तकनीकी कारणों की वजह से परीक्षा आधे घंटे देरी से शुरू हुई। कुछ मिनटों बाद ही सर्वर ठप हो गया, जिससे अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र पर एक-दो बार बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई, जिससे अभ्यर्थियों को काफी परेशानी हुई। इसके बाद अभ्यर्थियों ने केंद्र के बाहर आकर विरोध जताया और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर नाराजगी जाहिर की।

थानाधिकारी ने बताया कि एम्स ने इस परीक्षा केंद्र की परीक्षा फिलहाल रद्द कर दी है। कुछ दिनों के बाद परीक्षा दोबारा होगी।

उन्होंने बताया कि इसी केंद्र पर स्नतकोत्तर चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातकोत्तर ( नीट-पीजी)आयोजित की गई थी और उस समय भी तकनीकी खामी आई थी जिसकी वजह से इस केंद्र की परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी।

भाषा बाकोलिया मनीषा धीरज

धीरज


लेखक के बारे में