राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर भाजपा ने कुल्हाड़ी पर पैर मारा: गौतम
राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर भाजपा ने कुल्हाड़ी पर पैर मारा: गौतम
नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम ने उत्तराखंड में राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने को लेकर सोमवार को राज्य सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इस मामले में भारतीय जनता पार्टी ने ‘‘कुल्हाड़ी पर पैर मार लिया है’’ तथा अब देश का दलित समुदाय इसका जवाब देगा।
पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग के प्रमुख और उत्तर प्रदेश प्रभारी गौतम ने एक वीडियो जारी कर यह भी कहा कि कांग्रेस न्याय के लिए लड़ती रहेगी और पार्टी के लोग डरने वाले नहीं हैं।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘राहुल गांधी ने केवल मल्लिकार्जुन खरगे जी के सभा स्थल के कथित शुद्धीकरण के मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी, लेकिन उत्तराखंड सरकार ने उलटे राहुल गांधी के खिलाफ ही प्राथमिकी दर्ज कर दी।’’
कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी ने आरोप लगाया कि देश में छुआछूत चरम पर है और भाजपा-आरएसएस के लोग इसे बढ़ावा दे रहे हैं।
उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने को ‘विनाश काले विपरीत बुद्धि’ बताते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार ने इस मामले में दलित समुदाय के लोगों का इस्तेमाल किया है।
गौतम ने दावा किया कि ‘‘शुद्धीकरण’’ के मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम और संविधान का उल्लंघन किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी जी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके भाजपा सरकार ने कुल्हाड़ी पर पैर मार लिया है और देश का दलित इसका जवाब देगा।’’
भाषा हक हक मनीषा नरेश
नरेश

Facebook


