इंडिया गेट परिसर के परम योद्धा स्थल पर रविवार को प्रस्तुति देगा वायुसेना बैंड
इंडिया गेट परिसर के परम योद्धा स्थल पर रविवार को प्रस्तुति देगा वायुसेना बैंड
नयी दिल्ली, आठ अगस्त (भाषा) भारतीय वायुसेना का बैंड रविवार को इंडिया गेट परिसर स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक से सटे परम योद्धा स्थल पर प्रस्तुति देगा। यह कार्यक्रम 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित किया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, इस ‘शानदार प्रदर्शन’ का मकसद ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे होने का जश्न मनाते हुए लोगों की भागीदारी के जरिए राष्ट्रीय गौरव की भावना को बढ़ावा देना है।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि 32 एयरमैन और आठ अग्निवीरवायु (जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं) वाले संगीतकारों का एक दल कार्यक्रम स्थल पर प्रस्तुति देगा।
रक्षा मंत्रालय ने कहा, ‘संगीतकारों की यह टीम ऐसी प्रस्तुति देने के लिए तैयार है, जो दर्शकों के लिए यादगार अनुभव साबित होगी। देशभक्ति और भावपूर्ण गीतों के अपने संग्रह के साथ वायुसेना बैंड अपनी ऊर्जावान प्रस्तुति से देशभक्ति की भावना को और मजबूत करेगा।’
अधिकारियों के अनुसार, यह बैंड नौ अगस्त की शाम इंडिया गेट परिसर स्थित परम योद्धा स्थल के पब्लिक प्लाजा में एक घंटे तक प्रस्तुति देगा।
भाषा
शुभम रंजन
रंजन

Facebook


