पुराने भवन से मिले सोने-चांदी को मालिक को न सौंपने का आरोप, पांच लोग गिरफ्तार

पुराने भवन से मिले सोने-चांदी को मालिक को न सौंपने का आरोप, पांच लोग गिरफ्तार

पुराने भवन से मिले सोने-चांदी को मालिक को न सौंपने का आरोप, पांच लोग गिरफ्तार
Modified Date: August 8, 2026 / 11:24 pm IST
Published Date: August 8, 2026 11:24 pm IST

जयपुर, आठ अगस्त (भाषा) जयपुर में एक पुरानी इमारत को ढहाने के दौरान मिले कीमती सामान को खुर्द-बुर्द करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि इस कीमती सामान में चांदी की सिल्लियां व स्वर्ण कलश शामिल हैं।

मानक चौक थाने की पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने आरोपियों से कुल 66.400 किलोग्राम वजन की चांदी की दो बड़ी सिल्लियां बरामद भी की हैं।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि 15 जुलाई को मानक चौक पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज की गई थी। शिकायत में कहा गया था कि विद्याधर का रास्ता त्रिपोलिया बाजार में एक पुरानी इमारत को गिराने के दौरान मिली कीमती चीजें मालिक को नहीं सौंपी गईं और ठेकेदार महेश मल्होत्रा व उनके साथियों ने कथित तौर पर खुर्द-बुर्द कर दिया।

शिकायत के अनुसार इमारत गिराने के दौरान मिली कीमती चीज़ों में 40-45 किलोग्राम वजनी चांदी की 10-15 चांदी की सिल्लियां, सोने के सिक्कों से भरे हुए 14-15 स्वर्ण कलश, चांदी के 8000-10000 पुराने सिक्के एवं अन्य बहुमूल्य संपत्ति शामिल है।

पुलिस ने कहा कि यह मामला चुनौतीपूर्ण था क्योंकि कथित घटना लगभग 10 महीने पहले हुई थी। तब तक इमारत को गिराकर नया ढांचा खड़ा किया जा चुका था और देरी तथा सीसीटीवी फुटेज न होने के कारण तुरंत सबूत जुटाना मुश्किल हो गया था।

उन्होंने बताया कि आरोपों की पुष्टि करने और आरोपियों का पता लगाने के लिए एक विशेष टीम बनाई गई थी।

जांच के दौरान टीम ने तकनीकी इंटेलिजेंस और मुखबिरों से मिली जानकारी का इस्तेमाल किया। पुलिस ने कथित घटना के बाद आरोपियों के मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड और जयपुर तथा आसपास के इलाकों में उनकी गतिविधियों की भी जांच की।

पुलिस ने बताया कि टीम ने आरोपियों पर नजर रखी और उनकी जीवनशैली तथा वित्तीय गतिविधियों में आए बदलावों की भी जांच की।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान मिली जानकारी की पुष्टि करने के बाद पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान महेश मल्होत्रा (ठेकेदार), जगदीश राजोरिया, ओमप्रकाश खिंची, अनुज अरोड़ा और रजनी मल्होत्रा के तौर पर हुई है।

भाषा पृथ्वी शफीक

शफीक


लेखक के बारे में