एअर इंडिया की फुकेत-दिल्ली उड़ान हवा में असंतुलित हुई, 12 लोग घायल
एअर इंडिया की फुकेत-दिल्ली उड़ान हवा में असंतुलित हुई, 12 लोग घायल
नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) फुकेत से दिल्ली आ रहा एअर इंडिया का एक विमान मंगलवार को हवा में कुछ समय के लिए असंतुलित हो गया, जिससे उसमें सवार 12 लोग घायल हो गए। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
एअर इंडिया ने बताया कि फुकेत से दिल्ली आ रही उसकी हवाई सेवा ‘एआई2379’ निर्धारित ऊंचाई पर उड़ान के दौरान कुछ समय के लिए असंतुलित हो गई, जिससे विमान की ऊंचाई में क्षणिक बदलाव आया।
विमानन कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘विमान दिल्ली में सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री तथा चालक दल के सदस्य सकुशल विमान से बाहर आ गए।’’
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घायलों में 10 यात्री और चालक दल के दो सदस्य शामिल हैं।
हालांकि, एअर इंडिया ने कहा कि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
बयान में कहा गया, ‘‘मामूली रूप से घायल कुछ यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को एहतियात के तौर पर जांच और उपचार के लिए एअर इंडिया की टीम तथा चिकित्साकर्मियों द्वारा हवाई अड्डे की चिकित्सा सुविधा में ले जाया गया।’’
विमान में सवार यात्रियों की कुल संख्या का तत्काल पता नहीं चल सका।
विमान परिचालन पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइटराडार24डॉटकॉम’ पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, ए320 विमान से संचालित इस उड़ान की दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरने से कुछ समय पहले उसकी ऊंचाई कम हो गई थी।
एअर इंडिया ने कहा, ‘‘हम प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं और मामले की जांच के सिलसिले में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं।’’
भाषा खारी नरेश
नरेश

Facebook


