दिल्ली में मॉनसून के आखिरी दिनों में वायु गुणवत्ता हुई ‘खराब’

दिल्ली में मॉनसून के आखिरी दिनों में वायु गुणवत्ता हुई ‘खराब’

दिल्ली में मॉनसून के आखिरी दिनों में वायु गुणवत्ता हुई ‘खराब’
Modified Date: September 24, 2024 / 10:57 pm IST
Published Date: September 24, 2024 10:57 pm IST

नयी दिल्ली, 24 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में मॉनसून के आखिरी दिनों में मंगलवार को वायु गुणवत्ता ‘‘खराब’’ श्रेणी में दर्ज की गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, रात नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 204 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।

शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ तथा 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली ने बुधवार के लिए वायु गुणवत्ता ‘‘मध्यम’’ श्रेणी में रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है और हल्की बारिश के भी आसार हैं।

इसने कहा है कि मुख्य सतही हवा पूर्व/दक्षिण-पूर्व दिशा से आठ से 12 किमी प्रति घंटे की गति से चलने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था जबकि न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक है।

विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

भाषा यासिर वैभव

वैभव


लेखक के बारे में