बारामती विमान दुर्घटना के लिए मुख्य रूप से विमानन कंपनी जिम्मेदार प्रतीत होती है: प्रफुल्ल पटेल
बारामती विमान दुर्घटना के लिए मुख्य रूप से विमानन कंपनी जिम्मेदार प्रतीत होती है: प्रफुल्ल पटेल
गोंदिया, 18 फरवरी (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी नेता प्रफुल्ल पटेल ने बुधवार को कहा कि बारामती में हुए जिस विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हो गया था उसके लिए विमानन कंपनी मुख्य रूप से जिम्मेदार प्रतीत होती है और पायलट की ओर से लापरवाही हो सकती है।
हालांकि, उन्होंने कहा कि जांच में सभी बातें सामने आ जाएंगी।
बारामती हवाई पट्टी के पास 28 जनवरी को वीएसआर वेंचर्स के स्वामित्व वाले लीयरजेट 45 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी।
पूर्व केंद्रीय नागर विमानन मंत्री पटेल ने यहां अपने आवास पर पत्रकारों से कहा, ‘मेरी राय में उपमुख्यमंत्री अजित पवार की जान लेने वाली इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए विमानन कंपनी ही मुख्य रूप से जिम्मेदार प्रतीत होती है। सीबीआई जांच में सच्चाई सामने आएगी। पायलट की ओर से लापरवाही हो सकती है… ये सभी बातें जांच में सामने आएंगी।’
वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) ने मंगलवार को कहा कि घातक दुर्घटना वाले लीयरजेट 45 विमान के कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) से डेटा प्राप्त करने के लिए विशेष सहायता मांगी गई है।
मंगलवार को उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और राकांपा के नेताओं ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की और विमान दुर्घटना की सीबीआई जांच की मांग की।
भाषा
शुभम वैभव
वैभव

Facebook


