पेरिस फैशन वीक में ऐश्वर्या राय बच्चन का जलवा
पेरिस फैशन वीक में ऐश्वर्या राय बच्चन का जलवा
नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन ने पेरिस फैशन वीक में सीरियाई लेबल यारा शूमेकर की पोशाक पहनकर रैंप पर वॉक किया।
अभिनेत्री ने मोती जड़े आकर्षक केप के साथ काले रंग का मखमली वी-आकार का फिशटेल गाउन पहना था। उन्होंने अपने लुक को निखारने के लिए मुकुट पहना और गहरे लाल रंग की लिपस्टिक, शार्प विंग्ड आईलाइनर तथा चमकदार मेकअप किया था।
लॉरियल पेरिस की ब्रांड एंबेसडर बच्चन ने सोमवार को लॉरियल पेरिस ले डेफिले शो में रैंप पर वॉक किया। यह कार्यक्रम एफिल टावर के नीचे स्थित प्लास जोफ्रे और इकोल मिलिटेयर में आयोजित किया गया था।
ब्रांड ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर अभिनेत्री की एक तस्वीर साझा की जिसमें वह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचती नजर आ रही हैं।
अभिनेत्री दो दशक से अधिक समय से कान फिल्म महोत्सव के रेड कार्पेट और पेरिस फैशन वीक में इस ब्रांड का प्रतिनिधित्व करती रही हैं। उन्होंने 2019 में पेरिस फैशन वीक में रैंप पर चलना शुरू किया था।
भाषा तान्या नरेश
नरेश

Facebook


