अजय राय का प्रधानमंत्री मोदी को अपशब्द कहना कांग्रेस की हताशा : भाजपा

अजय राय का प्रधानमंत्री मोदी को अपशब्द कहना कांग्रेस की हताशा : भाजपा

अजय राय का प्रधानमंत्री मोदी को अपशब्द कहना कांग्रेस की हताशा : भाजपा
Modified Date: May 22, 2026 / 10:29 pm IST
Published Date: May 22, 2026 10:29 pm IST

नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) भाजपा ने शुक्रवार को कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कथित अपशब्दों को लेकर कांग्रेस की कड़ी आलोचना की और कहा कि यह मुख्य विपक्षी दल की हताशा को दर्शाता है।

राय का एक कथित वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ जिसमें उन्हें उत्तर प्रदेश के महोबा में प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपशब्द कहते सुना जा सकता है।

अजय राय ने इस वीडियो को फर्जी और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कृत्रिम रूप से निर्मित बताया। राय ने कहा कि वह पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगे।

कांग्रेस नेता की कथित टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘अजय राय ने अब राहुल गांधी का अनुसरण किया है और उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ सबसे अभद्र भाषा का प्रयोग किया है।’’

पूनावाला ने आरोप लगाया कि राय ने संवैधानिक पद और भारत की जनता का अपमान किया है जिन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को वोट दिया है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘यह कांग्रेस की हताशा को दर्शाता है। जब उनके पास प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना करने के लिए कोई ठोस बात नहीं होती, तो वे अपशब्दों का सहारा लेते हैं। वे इस तरह की राजनीति पर उतर आए हैं।’’

पूनावाला ने कहा कि ये कोई पहली बार नहीं है जब प्रधानमंत्री के बारे में अपशब्दों का प्रयोग किया गया है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी को करीब 150 अपशब्द कहे गए हैं। कांग्रेस में यही चलन है। लेकिन देश की जनता उनकी भाषा को कभी नहीं भूलेगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने अजय राय के बीमार होने पर उनके प्रति शिष्टाचार दिखाया था। लेकिन कांग्रेस पार्टी के संस्कार को देखिए।’’

राय के कथित बयानों पर हमला करते हुए, भाजपा के एक अन्य प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी की कांग्रेस की संस्कृति ‘‘पतित’’ हो गई है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वंशवादी कांग्रेस पार्टी के हर नेता को इस बात से हताशा है कि मोदी सरकार के तहत भारत में सुरक्षा और स्थिरता कायम है।’’

भाषा शफीक नरेश

नरेश


लेखक के बारे में