नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर ने गत दिनों पंजाब में एक अधिकारी की आत्महत्या के मामले में राज्य सरकार के एक मंत्री पर लगे आरोपों का हवाला देते हुए गृह मंत्री अमित शाह से मांग की कि वह इस मामले में सीबीआई जांच का निर्देश देने का अपना वादा पूरा करें।
हरसिमरत ने शून्यकाल में इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के एक अधिकारी ने गत 21 मार्च को आत्महत्या कर ली। उन्होंने कहा कि अधिकारी ने एक वीडियो में राज्य सरकार के एक मंत्री पर दबाव बनाने और उत्पीड़न का आरोप लगाया था।
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले संसद में यह मुद्दा उठा था और गृह मंत्री अमित शाह ने आश्वासन दिया था कि पंजाब के सांसद पत्र लिखकर दे दें तो वह सीबीआई को जांच का आदेश दे देंगे।
हरसिमरत कौर ने दावा किया कि राज्य के पांच सांसदों ने इस संबंध में पत्र लिखा है, लेकिन कांग्रेस के सांसदों ने नहीं लिखा है और पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के सदस्य तो ऐसा करने से रहें।
उन्होंने कहा कि गृह मंत्री को सीबीआई जांच कराने के अपने वादे को पूरा करना चाहिए।
भाषा
वैभव सुभाष
सुभाष