अलप्पुझा के विधायक ने उनके नाम पर फर्जी चंदा वसूली से लोगों को किया सतर्क
अलप्पुझा के विधायक ने उनके नाम पर फर्जी चंदा वसूली से लोगों को किया सतर्क
अलप्पुझा (केरल), 19 जुलाई (भाषा) अलप्पुझा के विधायक ए. डी. थॉमस ने रविवार को लोगों को उनके नाम पर किए जा रहे फर्जी चंदा संग्रह के बारे में चेतावनी दी और कहा कि उन्होंने कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए जिला पुलिस प्रमुख को एक शिकायत दी है।
थॉमस ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा कि उन्हें कथित धोखाधड़ी के बारे में मीडियाकर्मियों के जरिए पता चला। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने देखा है कि मेरे नाम पर फर्जी चंदा इकट्ठा किया जा रहा है। मुझे मीडिया से जुड़े दोस्तों के जरिए इस बारे में पता चला। मैं अपने चाहने वालों से गुजारिश करता हूं कि वे ऐसे धोखेबाज़ों के झांसे में न आएं।”
विधायक ने साफ किया कि उन्होंने किसी को भी अपनी ओर से पैसे इकट्ठा करने या कोई गतिविधि करने के लिए अधिकृत नहीं किया था।
थॉमस ने कहा, “मैंने किसी को भी अपनी ओर से पैसे इकट्ठा करने या कोई काम करने के लिए अधिकृत नहीं किया है। कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला पुलिस प्रमुख को एक शिकायत दी गई है।”
विधायक के करीबी लोगों ने बताया कि उन्हें हाल ही में जानकारी मिली थी कि कुछ लोग व्यापारियों से पैसे इकट्ठा कर रहे थे और दावा कर रहे थे कि यह पैसा थॉमस के दफ्तर के लिए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खरीदने के लिए है।
उन्होंने कहा कि कुछ व्यापारियों ने कथित तौर पर इस काम के लिए यूपीआई के जरिए पैसे अंतरित किए थे।
पुलिस ने कहा कि इस घटना के संबंध में एक मामला दर्ज किया जाएगा और जांच शुरू की जाएगी।
भाषा प्रशांत अमित
अमित

Facebook


